
दरभंगा। सीएम कालेज में उत्सवी माहौल में संपन्न दो दिनी अंतर महाविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में सीएम साइंस कॉलेज का दबदबा रहा। बालिका एवं बालक वर्ग में इस महाविद्यालय के चेस खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान तो हासिल किया ही छह स्थानों में दो अन्य पर भी अपना अधिकार जमा लिया।
मंगलवार को आयोजक महाविद्यालय सीएम कालेज के सभागार में सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सीएम साइंस कालेज की कशिश कुमारी को बालिका वर्ग में और अनिकेत रंजन को बालक वर्ग में पहला स्थान पाने के लिए प्रधानाचार्य डॉ. मुश्ताक अहमद के साथ मुख्य अतिथि लना मिथिला विवि के आइक्यूएसी निदेशक डॉ. ज्या हैदर एवं विशिष्ट अतिथि विवि खेल पदाधिकारी डॉ. अमृत कुमार झा ने ट्रॉफी प्रदान किया। बालिका वर्ग में कुंवर सिंह कॉलेज की जेवा प्रवीण उपविजेता रहीं। वहीं इसी कालेज की आयशा आकांक्षा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। चौथे स्थान पर सीएम साइंस कॉलेज की आकांक्षा श्री और पांचवें स्थान पर इसी महाविद्यालय की ईशा कुमारी रहीं। छठे स्थान पर सीएम कॉलेज की दृशि कुमारी को सफलता मिली। बालक वर्ग में सीएम कॉलेज के ऋतिक कुमार उपविजेता रहे। वहीं तीसरे और चौथे स्थान पर सीएम साइंस कॉलेज के अभिषेक रंजन व शुभम कुमार रहे। कुंवर सिंह कॉलेज के अमित कुमार पांचवें और छठे स्थान पर एमएलएसएम कॉलेज के शिवेश कुमार झा ने सफलता पाई। दोनों ही वर्ग के उप विजेता और तीसरे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को भी ट्राफी दी गई। अन्य सभी को मंचस्थ अतिथियों के साथ ही अम्पायर साकेत कुमार चौधरी, सीएम कालेज के खेल पदाधिकारी सह आयोजन सचिव डॉ. विभेश कुमार चतुर्वेदी एवं वरीय शिक्षक सह संचालक डॉ. ललित शर्मा ने भी मेडल, प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया। प्रतियोगिता में लनामिवि के आठ कालेजों दरभंगा के सीएम कालेज, सीएम साइंस कालेज, केएस कालेज, एमआरएम कालेज व एमएलएसएम कालेज के साथ ही आरके कालेज मधुबनी तथा आरएनएआर कालेज समस्तीपुर के कुल 31 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 20 बालक और 11 बालिकाएं थीं।