जमशेदपुर (ब्यूरो)। स्वान प्रेमियों के लिए जमशेदपुर एक यादगार और ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है. जमशेदपुर केनेल क्लब के तत्वावधान में 9 से 11 जनवरी तक भव्य डॉग चैम्पियनशिप शो का आयोजन किया जा रहा है.यह प्रतिष्ठित आयोजन जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान में होगा, जहां देश-विदेश से आए वर्ल्ड-क्लास डॉग्स अपनी उत्कृष्टता और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे. बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमशेदपुर केनेल क्लब की अध्यक्ष रुचि नरेंद्रन ने बताया कि इस मेगा इवेंट में कुल 326 डॉग भाग लेंगे, जिनमें 38 स्वान जमशेदपुर केनेल क्लब से जुड़े हैं. इस शो में 43 अलग-अलग डोमेस्टिक और इंटरनेशनल ब्रीड के डॉग दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे. आयोजन का उद्घाटन टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन करेंगे.
मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान ओबीडिएंस प्रतियोगिता, लैब्राडोर स्पेशलिटी शो, बीगल स्पेशलिटी शो और ऑल ब्रीड्स चैम्पियनशिप शो आयोजित किए जाएंगे. रुचि नरेंद्रन ने बताया कि ओबीडिएंस प्रतियोगिता को देश की सबसे प्रतिष्ठित कैनाइन प्रतियोगिताओं में गिना जाता है. इस वर्ष इसमें 39 डॉग भाग ले रहे हैं, जिनमें 20 डॉग पोस्ट-ग्रेजुएट स्तर की प्रतिस्पर्धा में उतरेंगे, जबकि 7 डॉग साथी मूल्यांकन श्रेणी में शामिल होंगे, जिनका उपयोग सेवा और चिकित्सकीय कार्यों में किया जाता है.
दिखाएंगे दम
चैम्पियनशिप शो में बेस्ट इन शोय के खिताब के लिए डॉग अपनी बनावट, वंशावली, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे. तिब्बती मास्टिफ, चाउचाउ, डोगो अर्जेंटिनो और इंग्लिश सेटर जैसी विदेशी नस्लों के साथ-साथ भारतीय देसी नस्लें भी शो की शान बढ़ाएंगी. कारवां हाउंड, कोंबाई, मुधोल हाउंड, पश्मी और राजापलायम जैसी नस्लें अपनी फुर्ती और विशिष्ट पहचान से भारतीय कैनाइन विरासत को मजबूती से प्रस्तुत करेंगी. इस डॉग शो का मूल्यांकन भारत से फिलिप बट और फिनलैंड से इरिना पोलेटाएवा सहित अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जज करेंगे. आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन न केवल स्वान प्रेमियों बल्कि बच्चों और परिवारों के लिए भी रोमांचक अनुभव होगा और जमशेदपुर को कैनाइन स्पोर्ट्स के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।
