डेस्क :उत्तराखंड सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के एक शर्मनाक बयान ने पूरे बिहार में राजनीतिक भूचाल ला दिया है। एक सार्वजनिक मंच से दिये गये उनके बयान में बिहार की लड़कियों को पैसों में खरीदने जैसी घृणित और अपमानजनक बात कही गयी। बयान का आशय यह था कि बिहार की लड़कियां 20 से 25 हजार रुपये में मिल जाती हैं। यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। देखते ही देखते यह केवल एक व्यक्ति का बयान न रहकर बिहार की महिलाओं और समाज के सम्मान का सवाल बन गया। राजनीतिक दलों से लेकर सामाजिक संगठनों तक ने इस बयान को महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला करार दिया। राष्ट्रीय जनता दल ने इस बयान को बिहार की बेटियों का खुलेआम अपमान बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह केवल एक असभ्य टिप्पणी नहीं बल्कि स्त्रियों को बाजारू वस्तु समझने वाली मानसिकता का प्रदर्शन है। कांग्रेस ने भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की महिलाएं बिकाऊ नहीं हैं और इस तरह की सोच रखने वालों को सार्वजनिक जीवन में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
