स्थानीय

बिहार के सरकारी स्कूलों में छठ पर्व की छुट्टियां बढ़ी, अब चार दिन अवकाश

डेस्क,बिहार के सरकारी स्कूलों में छठ पर्व के अवसर पर अब चार दिनों की छुट्टी घोषित की गई है। यह छुट्टियां 6 नवंबर को खरना के दिन से शुरू होकर 9 नवंबर को समाप्त होंगी। शिक्षा विभाग ने बुधवार को इसका आदेश जारी किया है। पहले 7 से 9 नवंबर तक छुट्टियां घोषित थीं, लेकिन शिक्षक संघों की मांग के बाद सरकार ने एक दिन का और अवकाश बढ़ा दिया है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बुधवार शाम को इस पर विचार करने की बात कही थी, जिसके बाद देर शाम विधिवत आदेश जारी कर दिया गया।

पहले राज्य सरकार ने छठ पर्व पर केवल तीन दिनों की छुट्टियां दी थीं, लेकिन अब यह अवधि चार दिन की हो गई है। शिक्षक संघ काफी समय से छठ और दिवाली की छुट्टियों को बढ़ाने की मांग कर रहे थे। छठ पर्व बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, झारखंड और देश के अन्य हिस्सों में भी बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर बिहार से बाहर रहने वाले लोग भी अपने घर वापस लौटते हैं और पर्व की समाप्ति के बाद ही वापस जाते है।

छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और यह पर्व विशेष रूप से संतान की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती पूरी श्रद्धा से डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, जो इस पर्व का मुख्य अनुष्ठान होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *