
दरभंगा। कर्मचारियों के लंबित बिलों के भुगतान न होने पर जताई गई गहरी चिंता; एम.टी.एस. के मेल कन्वेंस बिलों का मुद्दा छाया रहा। प्रधान डाकघर, दरभंगा के प्रांगण में ‘नेशनल एसोसिएशन ऑफ पोस्टल एम्प्लॉइज’ (ग्रुप-सी) के एसोसिएशन कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया एवं एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यालय के उद्घाटन के साथ हुआ। उद्घाटन फीता काटकर प्रभारी सचिव दिक्षान्शु दास ने किया। कार्यक्रम में मंडल के दर्जनों डाक कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उद्घाटन के पश्चात आयोजित बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के सदस्यों ने लंबित पड़े मेल कन्वेंस बिल, टी.ए. (यात्रा भत्ता) बिल, मेडिकल बिल और बच्चों के शिक्षा भत्ते (सी.ई.ए.) के भुगतान में हो रही अत्यधिक देरी पर रोष व्यक्त किया। मुख्य मुद्दों में मेल कन्वेंस बिल का गंभीर मामला: बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा एम.टी.एस. (MTS) कर्मचारियों के लंबित मेल कन्वेंस बिलों का रहा। ज्ञात हो कि डाक वाहक (मेल कैरियर) के रूप में कार्य कर रहे एम.टी.एस. अपने जेब से पैसा लगाकर प्रतिदिन डाक ढो रहे हैं। एम.टी.एस. कर्मियों के भत्ते का भुगतान लंबे समय से रुका हुआ है जिससे उनके दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है। बिरौल का अक्टूबर २०२४ से, भरवारा का नवम्बर २०२४ से, पिंडारुच का अप्रैल २०२५ से, बहेरा का मई २०२५ से, केवटसा बरुआरी का जुलाई २०२५ से एवं इसी तरह अन्य जगहों पर कई महीनों से भुगतान लंबित है। मोबाइल रिचार्ज बिल: पोस्टमैन द्वारा पत्र वितरण मोबाइल के माध्यम से किया जाता है। डिजिटल कामकाज के लिए उपयोग किए जा रहे पोस्टमैन मोबाइल के रिचार्ज बिलों का भुगतान भी लंबित है, जिसका खर्च पोस्टमैन को अपनी जेब से करना पड़ रहा है। कार्यक्षमता पर प्रभाव: सदस्यों ने सर्वसम्मति से कहा कि इन समस्याओं से कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है और उनमें गहरा असंतोष है। प्रभारी सचिव दिक्षान्शु दास ने कहा एक ओर कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके जायज भत्तों का भुगतान महीनों से लटका हुआ है। संघ ने प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से रखा है। अन्य मुद्दों में सफाई कर्मियों का महीनों से भुगतान लंबित है, स्टेशनरी का पैसा महीनों से लंबित है। मौके पर सचिव जीतेन्द्र कुमार उपाध्याय, अध्यक्ष महेश कुमार शर्मा, पोस्टमैन संघ के सचिव मिथिलेश यादव, अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण संघ के सचिव गंगेश कुमार, कोशाध्यक्ष रणजीत कुमार, विद्यानंद सरस्वती, मुनेषर पासवान, सरोज कुमार यादव आदि मौजूद थे।