भाई को बहन का मंगेतर पसंद नहीं था। वह नहीं चाहता था कि अहमद से उसकी बहन की शादी हो, लेकिन घरवाले ये शादी करना चाहते थे। घटना वाले दिन आरोपी ने बहन के साथ अहमद को देख लिया। उसको खराब लगा और उसने होने वाले बहनोई की गोली मारकर हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शहर में फन मॉल के पीछे पटेल नगर मोहल्ले में गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉकर्स ने एक खून से लथपथ शव देखा। उसकी हत्या गोली मारकर की गई थी। मृतक के पास से उसका आधार कार्ड तीन मोबाइल और 6000 हजार रुपए बरामद हुए।
आधारकार्ड से उसकी पहचान पलिया थाना क्षेत्र के गांव बेहनन पुरवा निवासी 28 वर्षीय अहमद जहान के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो सामने आया कि मृतक की शादी लखीमपुर शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी रियासत की बेटी से तय हुई थी। लेकिन रियासत के बेटे खुर्शीद को यह रिश्ता पसंद नहीं था। वह नहीं चाहता था कि उसकी बहन की शादी अहमद से हो। लेकिन अहमद ने उसके घर आना जाना शुरू कर दिया था। उसने अहमद को इसके लिए धमकाया भी था। लेकिन अहमद नहीं माना। वह बुधवार को अपनी मंगेतर के घर पहुंचा और उसको शहर में घुमाने के लिए ले गया। दोनों को खुर्शीद ने देख लिया। यह उसे बेहद खराब लगा। अहमद जब लड़की को छोड़ने उसके घर गया तो वहां खुर्शीद ने उसे रोक लिया। खुर्शीद अहमद को अपने साथ लेकर कहीं गया। फिर दोनों घर वापस नहीं लौटे। गुरुवार की सुबह पटेल नगर में अहमद की गोली लगी लाश मिली। पुलिस ने खुर्शीद की तलाश शुरू कर दी। कोतवाली पुलिस ने खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ उसका दोस्त भी पकड़ा गया है। दोनों ने कबूल किया है कि उन्होंने ही घटना को अंजाम दिया है। उनके पास से आला कत्ल तमंचा भी बरामद हुआ है। कोतवाली पुलिस दोनों को जेल भेज रही है।
