अंतरराष्ट्रीय

पीएम मोदी को ओमान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’, यह उपलब्धि पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया है। पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं। मस्कट स्थित अल बराका पैलेस में आयोजित औपचारिक समारोह में सुल्तान ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ ओमान का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान माना जाता है, जिसकी तुलना भारत के भारत रत्न से की जाती है। इस सम्मान की शुरुआत वर्ष 1970 में तत्कालीन सुल्तान काबूस बिन सैद ने की थी। यह सम्मान केवल चुनिंदा राष्ट्राध्यक्षों, राजाओं और प्रधानमंत्रियों को दिया जाता है, जिन्होंने ओमान के साथ मजबूत और भरोसेमंद रिश्ते बनाए हों।

प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भारत और ओमान के बीच व्यापार, सुरक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने में उनकी भूमिका के लिए दिया गया है। इससे पहले यह सम्मान ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और दक्षिण अफ्रीका के नेता नेल्सन मंडेला जैसी वैश्विक हस्तियों को मिल चुका है।

ओमान का यह सम्मान भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और खाड़ी देशों में मजबूत होते कूटनीतिक संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *