स्थानीय

दरभंगा : बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीण परेशान, चार वर्षों से अधूरा पड़ा कार्य

सहायक अभियंता ने दिया अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा करवाने का आश्वासन 

बिजली आपूर्ति जल्दी शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी 

बिरौल/दरभंगा (राज कुमार झा) : गौड़ाबौराम प्रखंड अंतर्गत मनसारा पंचायत के पलवा वार्ड संख्या 15 में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही के कारण ग्रामीण किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि लगभग चार वर्ष पूर्व बिजली विभाग द्वारा पोल, तार एवं ट्रांसफॉर्मर लगाने का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन आधा-अधूरा काम छोड़कर एजेंसी फरार हो गई।

स्थानीय ग्रामीण फुल हसन, मो. बदरुल, महादेव चौपाल एवं अशोक चौपाल ने बताया कि पिछले चार वर्षों से वे लगातार बिजली विभाग के कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार केवल “आज-कल” कहकर बात टाल दी जाती है। उन्होंने बताया कि लगभग 100 किसानों ने विधिवत बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, बावजूद इसके अब तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।

इस संबंध में बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि चार वर्ष पूर्व जिस एजेंसी ने कार्य किया था, उसने कार्य पूर्ण कर विभाग को हैंडओवर नहीं किया। वर्तमान में उस एजेंसी का कोई पता-ठिकाना नहीं मिल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वर्तमान में कार्यरत एजेंसी के माध्यम से जल्द ही अधूरे कार्य को पूरा कराया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *