
दरभंगा। हरियाणा के सीएम से मिले सांसद,औद्योगिक निवेशकर्ताओं को दरभंगा भेजने का किया आग्रह, हरियाणा देश स्तर पर औद्योगिक निवेशकर्ताओं का प्रमुख केंद्र बिंदु है। हरियाणा में जिस तरह ऑटोमोबाइल, आईटी,आईटीईएस,कृषि आधारित खाद्य प्रसंस्करण की मिलिंग पैकेजिंग फार्मास्युटिकल्स तथा टेक्सटाइल्स आदि के क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर मिल रहे हैं उसी तरह से हरियाणा के निवेशकर्ताओं के द्वारा दरभंगा तथा मिथिला क्षेत्र में औद्योगिक निवेश कर रोजगार सृजन के लिए ठोस पहल शुरू कर दी गई है जिसका सार्थक परिणाम धरातल पर शीघ्र साकार होगा। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री, नायब सिंह सैनी से मुलाकात करने के बाद उपरोक्त जानकारी दी। इस क्रम में सांसद डा ठाकुर ने हरियाणा के सीएम का मिथिला की प्राचीन परम्परा, संस्कृति के अनुसार मखान माला तथा पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित करते हुए कहा कि श्री सैनी हरियाणा के सीएम बनाए जाने से पहले लोकसभा सदस्य के रूप में हमलोगों के आत्मीय रहे हैं। सांसद डा ठाकुर ने हरियाणा के सीएम सैनी के साथ हुई मुलाकात के निहितार्थो पर चर्चा करते हुए कहा कि उन्हानें हरियाणा के सीएम श्री सैनी से आग्रह किया है कि वे हरियाणा के बड़े बड़े औद्योगिक निवेशकर्ताओं से दरभंगा तथा मिथिला क्षेत्र में रोजगार सृजन की व्यवस्था के लिए पहल करें तथा यहां नए उद्योग धंधे की स्थापना में वहां के उद्योगपति अभिरुचि दिखाएं। सांसद ने सीएम श्री सैनी से चर्चा करते हुए कहा कि दरभंगा में नए उद्योग की स्थापना के लिए अनुकूल तथा समीचीन माहौल है तथा यहां कृषि आधारित उद्योग धंधे की अपार संभावनाएं है। कृषि आधारित खाद्य प्रसंस्करण की मिलिंग पैकेजिंग सर्जिकल कपास पेपर बोर्ड आदि के उत्पादन तथा विपणन के माध्यम से भारी संख्या में रोजगार उपलब्ध कराए जा सकते हैं। सांसद डा ठाकुर ने सीएम सैनी से मिथिला क्षेत्र में पूर्व के औद्योगिक इतिहास पर चर्चा करते हुए कहा कि चीनी मील, पेपर मिल, विभिन्न प्रकार के कुटीर उद्योग जैसे कल कारखानों से यहां काफी लोगों को रोजगार मिल रहा था लेकिन बिहार में कांग्रेस तथा लालू राबड़ी की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में सभी उद्योग धंधे बंद होते गए। अब सरकार के साथ साथ निजी निवेशकर्ताओं के माध्यम से मिथिले क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की औद्योगिक इकाइयों को शुरू करने की जरूरत है।
सांसद डा ठाकुर सीएम सैनी से चर्चा के क्रम में आग्रह करते हुए कहा कि हरियाणा की ऑटोमोबाइल और कंपोनेंट्स, सूचना प्रौद्योगिकी, वस्त्र उद्योग, इंजीनियरिंग तथा भारी उद्योग जैसे औद्योगिक इकाइयों के निवेशकर्ताओं को दरभंगा तथा मिथिले क्षेत्र में इन इकाइयों की स्थापना के लिए पहल करें ताकि यहां भी हरियाणा की तरह काफी मात्रा में रोजगार के अवसर मिल सके।
सांसद डा ठाकुर ने दरभंगा में औद्योगिक वातावरण के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दुहराते हुए कहा कि विकासात्मक कार्यों के साथ साथ उद्योग धंधे की स्थापना के लिए पहल की जा रही है।