स्थानीय

दरभंगा : LJP (R) के प्रखंड अध्यक्ष ने गौड़ाबौराम CO के खिलाफ खोला मोर्चा, RTI के तहत मांगीं महत्वपूर्ण जानकारियां

अफसरशाही के खिलाफ आंदोलन की दी चेतावनी, पारदर्शिता पर उठाए सवाल

बिरौल/दरभंगा : गौड़ाबौराम अंचल में बढ़ती अफसरशाही और जनसमस्याओं की अनदेखी को लेकर लोजपा (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष सह आरटीआई कार्यकर्ता राजकुमार झा ने अंचल पदाधिकारी (सीओ) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सीओ पर सरकार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी हैं।
राजकुमार झा ने अंचल पदाधिकारी से वर्ष 2018 से अब तक बिहार सरकार की भूमि से संबंधित अतिक्रमणवाद मामलों का ब्योरा मांगा है। इसमें निष्पादित और लंबित मामलों की संख्या शामिल है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बिहार सरकार की भूमि पर बसे परिवारों की जानकारी भी मांगी है, जिसमें कुल बसे परिवार, जमाबंदी प्राप्त परिवार और बसावट पर्चा प्राप्त परिवारों का विवरण शामिल है।
आरटीआई में पिछले दो वर्षों में प्राप्त ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाणपत्र आवेदनों का पूरा विवरण भी मांगा गया है, जिसमें स्वीकृत और अस्वीकृत आवेदनों की संख्या तथा संबंधित सरकारी नियमावली और दिशा-निर्देश शामिल हैं। वर्ष 2020 से परिमार्जन/संशोधन (Correction/Amendment) मामलों का ब्योरा भी मांगा गया है, जिसमें प्राप्त, निष्पादित और लंबित आवेदनों की संख्या शामिल है।
राजकुमार झा ने आरोप लगाया कि बार-बार जानकारी मांगने के बावजूद पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है, जिससे अधिकारियों की मनमानी और सरकार की छवि खराब करने की मंशा स्पष्ट होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो लोजपा (रामविलास) द्वारा बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि जनता के अधिकारों और पारदर्शिता के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *