Political बिहार

संजय सिंह के बीजेपी में शामिल होने से जनसुराज पर क्या असर होगा?

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले जनसुराज पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। चुनावी माहौल के बीच, मुंगेर विधानसभा सीट से जनसुराज के उम्मीदवार संजय सिंह ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है।उनके शामिल होने से मुंगेर का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गया है। बता दें कि इस सीट पर पहले चरण में ही 6 नवंबर को वोटिंग होगी।

वोटिंग से पहले बड़ा उलटफेर :बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। इससे एक दिन पहले यानी 5 नवंबर (बुधवार) को संजय सिंह ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण पोद्दार, जिला प्रभारी विकास सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी राजेश झा, प्रीति सिंह सहित एनडीए के कई शीर्ष नेता मौजूद रहे।संजय सिंह ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा,”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार और देश का विकास संभव है। जन सुराज की सोच अच्छी थी, लेकिन जनता भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा करती है।” उन्होंने आगे कहा कि बिहार में विकास, सुशासन और स्थिरता के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।

मुंगेर सीट पर अब मुकाबला और दिलचस्प :मुंगेर विधानसभा सीट पहले से ही इस चुनाव में चर्चाओं में थी। अब संजय सिंह के भाजपा में शामिल होने से यह सीट और भी हाईप्रोफाइल हो गई है। यहां अब मुकाबला भाजपा के कुमार प्रणय, एआइएमआइएम (AIMIM) के पूर्व मंत्री मोनाजिर हसन, और अन्य स्थानीय उम्मीदवारों के बीच देखने को मिलेगा। इस सीट पर अन्य प्रत्याशियों में कई इंटर पास या केवल साक्षर उम्मीदवार भी हैं, जिससे संजय सिंह और मोनाजिर हसन जैसे शिक्षित उम्मीदवारों की उपस्थिति और अहम हो जाती है।बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें मुंगेर, बेगूसराय, पटना, सहरसा, दरभंगा, सीवान, गोपालगंज और भोजपुर जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। पहले चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर 2025 को घोषित किए जाएंगे।

जनसुराज के लिए तगड़ा झटका :संजय सिंह के पार्टी बदलना जनसुराज के लिए एक बड़ा झटका और बीजेपी के लिए लाभकारी कदम मान रहे हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में जनसुराज पार्टी इस बार पहली बार इतने बड़े स्तर पर विधानसभा चुनाव लड़ रही है।ऐसे में पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले उम्मीदवार का पार्टी छोड़ना संगठनात्मक तौर पर कमजोर पड़ने का संकेत देता है। वहीं बीजेपी ने इस कदम को “जनता के समर्थन की स्वाभाविक दिशा” बताया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह भाजपा के “विकास बनाम भ्रम” वाले एजेंडे की जीत है।

मुंगेर में सियासी पारा चढ़ा :मुंगेर में अब सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा कैंप में जहां जश्न का माहौल है, वहीं जनसुराज समर्थक इस फैसले से हैरान हैं। स्थानीय राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि संजय सिंह का बीजेपी में शामिल होना एनडीए के वोट बेस को और मजबूत कर सकता है।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण से पहले मुंगेर की यह सियासी हलचल यह संकेत देती है कि इस बार मुकाबला न सिर्फ राजनीतिक गठबंधनों के बीच है, बल्कि विचारधाराओं और नेतृत्व पर भरोसे की परीक्षा भी है। अब सबकी निगाहें 6 नवंबर की वोटिंग और 14 नवंबर के नतीजों पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि मुंगेर की राजनीति किस करवट बैठती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *