बिहार

भोजपुर में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या

डेस्क :बिहार के भोजपुर जिले में एक व्यक्ति और उसके बेटे की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान प्रमोद और उनके बेटे प्रियांशु के रूप में हुई है। दोनों भोजपुर जिले के पियानिया गांव के निवासी थे।पुलिस के मुताबिक यह घटना बृहस्पतिवार देर रात बेला घाट में हुई, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आता है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीराज ने बताया कि घटना के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रेम प्रसंग की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने बताया, “मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है।” एसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस घटना का विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया, “पुलिस को सूचना मिली कि बेला घाट क्षेत्र में सड़क किनारे एक व्यक्ति और उसके बेटे के शव पड़े हैं। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार के प्रहार और गोली लगने के निशान मिले हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया।”

पुलिस अधीक्षक का कहना है कि प्रमोद के परिजनों ने घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है। मामला हर पहलू से जांच के दायरे में है। उन्होंने कहा कि दोनों बृहस्पतिवार रात से लापता थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रियांशु की शादी आने वाले दिनों में होने वाली थी। उसके पिता प्रमोद की अपने गांव में मिठाई की दुकान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *