दरभंगा। डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय, बिलासपुर,छत्तीसगढ़ में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता 2025-26 में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग,छत्तीसगढ़ को 73-31 अंकों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ एलएनएमयू की महिला कबड्डी टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जो यूनिवर्सिटी ऑफ़ लद्दाख (लद्दाख) में 9 नवंबर से 13 नवंबर 2025 तक आयोजित होगी। टीम की इस सफलता संबंधित जानकारी टोली प्रबंधक डॉ. प्रियंका राय ने दी। उन्होंने बताया खिलाड़ियों ने पूरे मनोयोग, अनुशास, टीम भावना के साथ खेलते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस जीत का पूरा श्रेय विश्वविद्यालय के कुलपति के सतत सहयोग और खिलाड़ियों की मेहनत को जाता है। उन्होंने कहा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम लगातार चौथी बार अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर रही है, जो हमारे विश्वविद्यालय की खेल परंपरा और खिलाड़ियों की निरंतर प्रगति का प्रतीक है। कुलपति,प्रो. संजय कुमार चौधरी ने विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम को इस उल्लेखनीय सफलता पर बधाई देते हुए कहा यह उपलब्धि हमारे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। हमारी छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और संघर्षशीलता का उत्कृष्ट परिचय दिया है। वित्त परामर्शी,इंद्र कुमार टीम की जीत को विश्वविद्यालय की खेल संस्कृति की मज़बूती कहा। खिलाड़ियों ने अनुशासन,परिश्रम से यह सफलता अर्जित की है। विश्वविद्यालय खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई दी और अखिल भारतीय स्तर पर टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु कड़ी मेहनत करने की सलाह दी। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष,गर्व का वातावरण है।