अन्य उत्तर प्रदेश

लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड ग्रुप के ‘रंग बरसे : होली मिलन समारोह’ में खेली गई फूलों की होली

उल्लास और सौहार्द का बरसा रंग

लखनऊ। लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड (LCWW) फेसबुक समूह के तत्वावधान में “रंग बरसे : होली मिलन समारोह” का आयोजन हुआ। इसमें खूब अबीर, गुलाल उड़ाया गया। गेंदा और गुलाब के फूलों की जमकर बारिश हुई। सब ने एक-दूसरे पर उल्लास और सौहार्द का रंग बरसाया। होली लोक गीत, मनमोहक नृत्य, हास्य कविताएं व भांगड़ा की प्रस्तुति हुई।

रंग बरसे के मुख्य अतिथि डॉ. वैभव प्रताप सिंह (प्रबन्ध निदेशक, वागा हॉस्पिटल) ने कहा कि सक्रिय सामाजिक सहभागिता व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भरती है। इससे व्यक्ति स्वस्थ ही नहीं रहता है, बल्कि उसकी आयु भी बढ़ती है। लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड समूह की पहल को प्रेरणादायी है। वागा हॉस्पिटल बहुत जल्द इस समूह के सदस्यों के लिए फ्री मेडिकल कैम्प लगाएगा। साथ ही, इस ग्रुप के प्रबंधकों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित भी करेगा।

इसी कड़ी में लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड समूह के संस्थापक सुनील मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी पारंपरिक उत्सवधर्मिता को जीवंत रखते हैं। विश्व भर में फैले लखनऊवासियों के बीच आत्मीयता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।

इस समारोह का आयोजन लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड समूह के सीनियर एडमिन अनिल शुक्ला, शोएब कुरैशी एवं नीरजा शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया। प्रोग्राम डायरेक्टर नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान के नेतृत्व में विनोद श्रीवास्तव सहित अन्य सक्रिय सदस्यों ने इसे सफल बनाया।

होली मिलन समारोह में ज्योति प्रकाश, रमन श्रीवास्तव एवं राकेश लालवानी सहित अन्य शौकिया गायकों ने अपने सुरीले गीतों से वातावरण को सरस बनाया। वहीं अंजू यादव, डॉ. माधवी, अनिल टंडन, साधना श्रीवास्तव व इला गुप्ता सहित कई प्रतिभागियों ने लोकगीतों, फिल्मी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। भांगड़ा पर सामूहिक नृत्य बड़ा मनोहारी था।

इसके अतिरिक्त ढोलक की थाप पर प्रस्तुत बुलाऊवा शैली के फाग ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। इस टीम में शशि सिंह, नीति शुक्ला, सरोज बिलोनिया सहित अन्य महिला सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं, सुप्रसिद्ध अवधी हास्य कवि संदीप अनुरागी ने अपने हंसगुल्लों से सभी को खूब गुदगुदाया। मंच समन्वय नवीन कोहली, तृप्ति पांडे, दीपाली लालवानी, चित्रा वेंकटरमणन व संध्या सिंह ने संभाला।

कार्यक्रम में फूलों की होली खेलने के बाद सदस्यों ने गुझिया, खस्ता, खुरमा, नमकीन मठरी व तुलसी अदरक वाली चाय जैसे पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। समारोह का वेबकास्ट भी किया गया, जिसे देश-विदेश में फैले LCWW समुदाय के हजारों सदस्यों ने ऑनलाइन देखा।

अंत में कार्यक्रम प्रमुख नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान ने लखनऊ कनेक्शन वर्ल्डवाइड समूह की ओर से सम्मानित सदस्य अरुण श्रीवास्तव एवं वंदना श्रीवास्तव का विशेष आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सौरभ गुप्ता, प्रो. सीमा सरकार, अल्का भट्टाचार्य, मीरा खरे, अनुराधा टंडन, माधव रायज़ादा, अतुल भटनागर आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *