लिटिल फ्लावर स्कूल की स्थापना के प्रयास की सराहनीय कदम है यह स्कूल आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करेगा : संजय सरावगी


दरभंगा। दोनार रोड स्थित होली रोज़री कैथोलिक चर्च परिसर में लिटिल फ्लावर मिशन एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित और प्रबंधित लिटिल फ्लावर स्कूल की आधारशिला रखने और आशीर्वचन देने का पावन अवसर आयोजित किया गया। मौके पर प्रांत के प्रांतीय श्रेष्ठ,फादर साबु केवी सीएसटी ने स्कूल की आधारशिला पर आशीर्वचन दिया। बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व सुधार विभाग के मंत्री, सह नगर विधायक, संजय सरावगी ने इस स्कूल की आधारशिला रखी और कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से इसे गौरवमयी बनाया। पादरीगण, श्रद्धेय सिस्टर्स, पैरिश परिषद के सदस्यगण, सुभेच्छुक और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मौके पर मंत्री सह नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा शिक्षा समाज की प्रगति की नींव है। उन्होंने लिटिल फ्लावर मिशन एजुकेशन सोसाइटी द्वारा दरभंगा में नये लिटिल फ्लावर स्कूल की स्थापना के प्रयास की सराहना करते हुए आशा व्यक्त किया की यह स्कूल आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करेगा। श्री सरावगी ने समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए सभी को इस मिशन में सहयोग देने का आह्वान किया। इस नये विद्यालय के माध्यम से बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक सेवा की भावना से सुसज्जित करने का लक्ष्य रखा। यह स्कूल आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान और उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शन करेगा। फादर साबु के मार्गदर्शन एवं संजय सरावगी के आशीर्वाद से यह स्कूल शिक्षा,धर्म,समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला एक प्रेरक संस्थान बनेगा। लिटिल फ्लावर स्कूल की स्थापना और आधारशिला रखने के इस ऐतिहासिक अवसर के फा. रॉय मैथ्यू सीएसटी, जो हॉली रॉसरी कैथोलिक चर्च दरभंगा के पल्ली पुरोहित है एवं नये विद्यालय के प्रभारी हैं, का अथक परिश्रम और समर्पण विशेष रूप से उल्लेखनीय है। उन्होंने न केवल इस स्कूल की योजना, रूपरेखा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि हर छोटे-बड़े कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी दी है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व,कड़ी मेहनत, निःस्वार्थ सेवा भाव के कारण यह स्वप्न आज साकार हो सका है। फा. रॉय मैथ्यू का प्रयास न केवल विद्यालय की स्थापना तक सीमित है, बल्कि इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट शिक्षा और जीवन मूल्यों से समृद्ध करना है।फादर रॉय ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में मंत्री, संजय सरावगी के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा मंत्री का इस स्कूल के प्रति स्नेह और सरोकार सदैव प्रेरणादायी रहा है। उनके सहयोग ने इस विद्यालय परियोजना को साकार रूप देने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में फा. सुशील गेब्रियल, फा. एलेक्स, फा. लोना, फा. नोबल तथा होली क्रॉस स्कूल की प्राचार्या सिस्टर जैंसी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही पैरिश परिषद के सदस्य,मेडोना इंग्लिश स्कूल दरभंगा के निदेशक,माइकल,सनी पीटर, संजीवन,रेमी लॉरेंस,अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्च दरभंगा नगर, राजी चाको सहित अनेक विशिष्ट अतिथि, मिडिया प्रभारी,दोनार चर्च, स्टीवन सरपिस एवं मीडिया प्रतिनिधि व स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।