बिहार

बिहारवासियों के लिए खुशखबरी, पटना में आज से शुरू हो रही डबल डेकर बस सेवा

पटना: बिहार की राजधानी पटना में आज से डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत हो रही है। नीतीश सरकार के पर्यटन मंत्री राजू सिंह मंगलवार को जेपी गंगा पथ पर डबल डेकर बस सेवा का उद्घाटन करेंगे। पर्यटन विभाग से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से इस सेवा की शुरुआत की जाएगी।

दीघा रोटरी के पास दिन के 12.30 बजे यह सेवा शुरू होगी। यह बस दीघा से पटना सिटी के कंगनघाट तक संचालित की जाएगी। इसका किराया सौ रुपया तय किया गया है। डबल डेकर बस सोमवार को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के कार्यालय परिसर में आ चुकी है। बिहार के पर्यटकों के लिए डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत एक नया अनुभव प्रदान करेगा। बिहार में यह पहली डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत होगी। अभी बिहार के किसी भी रूट में डबल डेकर बस का संचालन नहीं किया जा रहा है।

पटना में फिलहाल एक डबल डेकर बस का ही परिचालन किया जाएगा। अगर इस बस का संचालन सफल रहा तो इसकी संख्या भविष्य में बढ़ाई भी जा सकती है। इस बस के यात्री जेपी गंगा पथ पर मौजूद गंगा नदी तथा उसके किनारे प्राचीन मस्जिद, मंदिर और गुरुद्वारे समेत अन्य ऐतिहासिक भवनों को देख सकते हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बस में एक गाइड भी होगा जो पर्यटकों को दर्शनीय स्थलों की जानकारी देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *