डेस्क :रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सेना का एक दल 1 से 14 सितंबर 2025 तक होने वाले भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास युद्ध अभ्यास 2025 के 21वें संस्करण में भाग लेने के लिए फोर्ट वेनराइट, अलास्का, अमेरिका के लिए रवाना हो गया है। मद्रास रेजिमेंट की एक बटालियन के कर्मियों से युक्त यह भारतीय दल, अमेरिका की 11वीं एयरबोर्न डिवीजन की आर्कटिक वोल्व्स ब्रिगेड कॉम्बैट टीम की पहली बटालियन, 5वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट “बॉबकैट्स” के सैनिकों के साथ प्रशिक्षण लेगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दो सप्ताह तक, सैनिक हेलीकॉप्टर संचालन, निगरानी संसाधनों और मानवरहित हवाई प्रणालियों का उपयोग, रॉक क्राफ्ट, पर्वतीय युद्ध, हताहतों को निकालना, युद्ध चिकित्सा सहायता और तोपखाने, विमानन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के एकीकृत उपयोग सहित सामरिक अभ्यासों की एक श्रृंखला का पूर्वाभ्यास करेंगे
