डेस्क : केरल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस मलयालम फेम जैस्मिन जाफर इन दिनों विवादों में घिरी हुई हैं. दरअसल, उन्होंने हाल ही में गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर के पवित्र तालाब में एक वीडियो बनाया था. इस वीडियो में जैस्मिन अपने पैर धोती नजर आ रही थीं. जैसे ही यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई, भक्तों और मंदिर प्रशासन ने कड़ी आपत्ति जताई. मामला इतना बढ़ गया कि जैस्मिन को अपने अकाउंट से वीडियो हटाना पड़ा. जैस्मिन जाफर यूट्यूब पर ब्यूटी और लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो बनाकर मशहूर हुईं और कुछ ही समय में उनके 15 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हो गए. उन्होंने बिग बॉस मलयालम सीजन 6 में हिस्सा लिया और सेकंड रनर-अप रहीं. इसके बाद उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई.
हाल ही में, जैस्मीन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मंदिर के पवित्र तालाब में अपने पैर धो रही थीं. मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह कृत्य मंदिर की परंपराओं के विरुद्ध है और न्यायालय के आदेश का भी उल्लंघन करता है. वीडियो सामने आते ही श्रद्धालुओं में रोष फैल गया.
आलोचना बढ़ने पर जैस्मीन ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगी. उन्होंने लिखा कि उन्हें इस नियम की जानकारी नहीं थी और उनका इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था. उन्होंने अपनी गलती को ‘अनजाने में हुई गलती’ बताया. हालांकि, उनकी माफी भी विवाद को शांत नहीं कर सकी.
गुरुवायुर देवस्वोम ने तालाब को “अशुद्ध” घोषित कर शुद्धिकरण की घोषणा की. इसके लिए छह दिनों तक विशेष पूजा और अनुष्ठान किए जाएंगे. साथ ही, इस दौरान दर्शन व्यवस्था भी बंद रहेगी. मंदिर प्रशासक ओबी अरुण कुमार ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में कहा गया है कि वीडियो बनाकर जैस्मीन ने मंदिर के नियमों का उल्लंघन किया और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई.
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है और श्रद्धालुओं का गुस्सा अभी भी कम नहीं हुआ है.
