बेतिया : यहां से एक हैरतअंगेज खबर सामने आई है। एक मासूम ने जहरीले कोबरा को दांत से काट लिया। उसके बाद सांप की मौत हो गई। बच्चा अस्पताल में भर्ती है और खतरे से बाहर है। घटना पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड स्थित मोहझी बनकटवा गांव में हुई है। इस घटना के बाद परिजन भी हैरान हैं। एक वर्षीय मासूम गोविंदा कुमार ने खेल- खेल में सांप को पकड़ा और उसे अपने दांत से काट लिया। उसके बाद बच्चा बेहोश हो गया।
परिजनों ने गोविंदा को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (GMCH) रेफर कर दिया। वहां के चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। चिकित्सक बच्चे का इलाज कर रहे हैं। उसे इंजेक्शन के साथ लगातार दवाएं दी जा रही हैं। उधर, परिजनों का कहना है कि बच्चे के काटने के बाद सांप मर गया।
बच्चे की दादी मातेश्वरी देवी ने बताया कि दोपहर गोविंदा की मां लकड़ी तोड़ने गई थी। लड़का आंगन में खेल रहा था। इस दौरान गेहुंअन प्रजाति का जहरीला सांप वहां आ गया। किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। उसके बाद खेलते- खेलते गोविंदा ने उस सांप को पकड़ लिया। तुरंत बाद कोबरा को दांत से काट दिया। उसके बाद सांप की वहीं मौत हो गई।