वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र स्थित कोईराजपुर गांव में वरुणा नदी से एक अनोखी मछली मिलने से हड़कंप मच गया। मछुआरे के जाल में फंसी यह विचित्र प्रजाति की मछली अब गांव में चर्चा का विषय बन गई है। मछली की त्वचा पत्थर जैसी है, मुंह नीचे की ओर और चेहरा असामान्य दिखता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसे ‘करचामा’ या ‘सकरमाउथ कैटफिश’ कहा जाता है। यह मछली फिलहाल रिंग रोड किनारे एक पानी की टंकी में रखी गई है। ढाबा संचालक और ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ऐसा जीव पहले कभी नहीं देखा। वन विभाग को अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
