स्थानीय

दरभंगा : राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने लापता छात्रा मामले में एसपी से की वार्ता, शीघ्र बरामदगी की रखी मांग

दरभंगा (निशांत झा)। समस्तीपुर जिले की रहने वाली और दरभंगा के सीएम आर्ट्स कॉलेज की पीजी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा मोनिका कुमारी के लापता होने के मामले को लेकर राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने दरभंगा के पुलिस अधीक्षक से टेलीफोन पर वार्ता की।

सांसद ने 27 जून 2025 से लापता छात्रा की शीघ्र बरामदगी के लिए गंभीरता से कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कहा कि छात्रा की सुरक्षा और सकुशल वापसी प्राथमिकता होनी चाहिए।

गौरतलब है कि मोनिका कुमारी 27 जून को अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन कॉलेज पहुंचने के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

पुलिस अधीक्षक ने सांसद को आश्वस्त किया कि मोनिका की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

सांसद डॉ. गुप्ता ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारी बेटी मोनिका को बहुत जल्द सुरक्षित वापस लाया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *