दरभंगा। महात्मा गांधी कॉलेज शासी निकाय अध्यक्ष सह भूमि सुधार राजस्व मंत्री संजय सरावगी ने गर्मी की छुट्टियों में दोनों पाली में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए नाश्ता-चाय की व्यवस्था का निर्देश दिया। यह व्यवस्था कॉलेज स्तर पर आज से लागू
होगी। कॉलेज के लगभग चार दर्जन शिक्षक, शिक्षिकाएं और कर्मचारी सामूहिक रूप से मंत्री सह शासी निकाय अध्यक्ष संजय सरावगी से उनके आवासीय कार्यालय में मिले। उन्होंने अपनी सेवा नियमित करने और वेतन वृद्धि की मांग रखी। शिक्षकों ने कहा विश्वविद्यालय से चयन समिति गठित कर उनकी सेवा नियमित की जाए। साथ ही, स्नातक प्रथम वर्ष के नामांकन पर विश्वविद्यालय से मिलने वाली 50 प्रतिशत राशि, जो करीब 30 लाख रुपए है, कुलपति से निवेदन कर विमुक्त कराई जाए। मंत्री सरावगी ने शिक्षकों की बात ध्यान से सुनी। उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय कुमार चौधरी से फोन पर बात की। कुलपति ने अनुकूल कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद मंत्री ने कॉलेज के प्रधानाचार्य, डॉ. राधा कृष्ण प्रसाद को निर्देश दिया कि गर्मी की छुट्टियों में परीक्षा ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को दोनों पाली के बीच नाश्ता और चाय दी जाए। यह व्यवस्था केवल महात्मा गांधी कॉलेज में लागू होगी। अंगीभूत कॉलेजों में दोनों पाली में ड्यूटी करने पर भी ऐसी सुविधा नहीं मिलती।
मुलाकात करने वालों में डॉ. अविनाश कुमार, डॉ. रामनाथ शर्मा, डॉ. राहुल पासवान, डॉ. रामानेक कुशवाहा, डॉ. रूपम कुमारी, डॉ. बेबी कुमारी, डॉ. रमेश प्रसाद, डॉ. गणेश यादव, डॉ.जीवकांत सिंह, डॉ. दिलीप कुमार ठाकुर, डॉ. अर्चना कुमारी, अरुण शर्मा, स्वाति प्रियदर्शी, डोली देवी और आतिश कुमार पासवान शामिल थे।
