डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिला परिषद भवन और तरावड़ी के सामान्य नागरिक अस्पताल तथा नीलोखेड़ी में सामान्य अस्पताल व बस अड्डïा के निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण, प्रगति का लिया जायजा, अधिकारियों को गुणवत्ता और जल्दी पूरा करने के दिए निर्देश।

करनाल, 26 नवंबर। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने आज स्थानीय जिला परिषद भवन,तरावड़ी स्थित सामान्य नागरिक अस्पताल, नीलोखेड़ी में सामान्य अस्पताल व बस अड्डे के निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण स्थलों पर चल रहे कार्यों को बारीकी से देखा और अधिकारियों से निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, अब तक पूरी हो चुकी गतिविधियों तथा शेष कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों का निर्माण आमजन की सुविधाओं से सीधे तौर पर जुड़ा होता है, इसलिए इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

डीसी डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ करवाए जाएं। कार्यों में तेजी लाते हुए इन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद भवन के निर्माण से संबंधित प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सुविधा मिलेगी। वहीं, नीलोखेड़ी में बस अड्डा व तरावड़ी में सामान्य नागरिक अस्पताल के भवन तैयार होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य व यातायात की सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और कार्यों में आ रही बाधाओं को आपसी समन्वय से दूर किया जाए, ताकि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी होकर आमजन को उनका लाभ मिल सके।
बॉक्स- जिला परिषद् भवन करनाल का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है जिस पर अनुमानित लागत 35 करोड़ 62 लाख की राशि खर्च होगी। तरावड़ी में 50 बेड का सामान्य अस्पताल बन रहा है जिस पर अनुमानित लागत 13 करोड़ 40 लाख खर्च होगे। इसका 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है तथा 31 मार्च तक संपन्न हो जाएगा। इसी प्रकार नीलोखेड़ी में 100 बैड का सामान्य अस्पताल बन रहा है। जिस पर अनुमानित लागत 12 करोड़ 50 लाख खर्च होगे। इस कार्य को 31 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार नीलोखेड़ी बस अड्डïा का निर्माण कार्य 2 करोड़ 40 लाख की लागत से पूरा होगा। यह कार्य अंतिम चरण में है। जिसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा।



