स्वास्थ्य

हड्डियों को बनाना है मजबूत तो डाइट में शामिल करें ये 10 कैल्शियम से भरपूर फूड्स

डेस्क : शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए कई पोषक तत्वों की जरूरत होती है, जिनमें कैल्शियम (Calcium) सबसे महत्वपूर्ण खनिजों में से एक है। यह न केवल हड्डियों और दांतों को मजबूती देता है, बल्कि मांसपेशियों के कामकाज, नसों तक संदेश पहुंचाने और दिल की धड़कन को सामान्य बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। शरीर में कैल्शियम की कमी होने पर हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और लंबे समय तक इसकी कमी रहने से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि रोजाना की डाइट में कैल्शियम से भरपूर चीजों को शामिल किया जाए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (NIHFW) और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) से जुड़ी पोषण संबंधी जानकारी के आधार पर आइए जानते हैं कि कैल्शियम शरीर के लिए क्यों जरूरी है और किन फूड्स को खाने से इसकी कमी पूरी करने में मदद मिल सकती है।

हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है कैल्शियम
कैल्शियम हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। शरीर में मौजूद कैल्शियम का अधिकांश हिस्सा हड्डियों और दांतों में जमा होता है। यह हड्डियों के निर्माण, विकास और उनकी मजबूती बनाए रखने में मदद करता है। अगर शरीर को पर्याप्त कैल्शियम नहीं मिलता तो वह हड्डियों में जमा कैल्शियम का इस्तेमाल करने लगता है, जिससे समय के साथ हड्डियां कमजोर हो सकती हैं।
प्रेग्नेंसी में क्यों जरूरी है कैल्शियम?
गर्भावस्था के दौरान मां और गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों के लिए कैल्शियम जरूरी होता है। यह भ्रूण की हड्डियों और दांतों के विकास में मदद करता है। वहीं, बच्चे के जन्म के बाद स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी पर्याप्त कैल्शियम की जरूरत होती है। इसलिए गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को अपनी डाइट में कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए।

बच्चों की ग्रोथ के लिए जरूरी है कैल्शियम
बचपन में शरीर का विकास तेजी से होता है। इस दौरान हड्डियों और दांतों के सही विकास के लिए कैल्शियम की पर्याप्त मात्रा जरूरी है। इसकी कमी से हड्डियों की मजबूती और सामान्य विकास प्रभावित हो सकता है। इसलिए बच्चों के खानपान में दूध, दही, पनीर, रागी और अन्य कैल्शियम युक्त चीजें शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
कैल्शियम से भरपूर कौन से फूड्स खाने चाहिए?
शरीर में कैल्शियम की पर्याप्त मात्रा बनाए रखने के लिए रोजाना की डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल किया जा सकता है।
तिल: सफेद और काले तिल कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं। इन्हें लड्डू, चटनी या सलाद में शामिल करके खाया जा सकता है।
रागी: रागी में कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसके आटे से रोटी, डोसा, चीला और दलिया बनाकर खा सकते हैं।
दूध और दही: दूध और दही कैल्शियम के अच्छे स्रोत हैं। रोजाना सीमित और जरूरत के अनुसार इनका सेवन हड्डियों की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
पनीर: पनीर में कैल्शियम और प्रोटीन दोनों पाए जाते हैं। इसे सब्जी, सलाद या सैंडविच के रूप में डाइट में शामिल कर सकते हैं।
सोयाबीन: सोयाबीन और कैल्शियम से तैयार टोफू को डाइट में शामिल करना अच्छा विकल्प है। टोफू खरीदते समय कैल्शियम से तैयार किए गए विकल्प को चुनें।
राजमा: राजमा में कैल्शियम के साथ प्रोटीन और फाइबर भी मिलता है। इसे उबालकर या सब्जी के रूप में खाया जा सकता है।
दालें: मूंग, उड़द और तुअर की दाल में भी कैल्शियम पाया जाता है। इन्हें नियमित रूप से खाने से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं।
बाजरा: बाजरा कैल्शियम सहित कई पोषक तत्वों का स्रोत है। सर्दियों में बाजरे की रोटी को डाइट में शामिल कर सकते हैं।
हरी पत्तेदार सब्जियां: कुछ हरी सब्जियों जैसे बथुआ और केल में कैल्शियम पाया जाता है। हालांकि पालक में मौजूद ऑक्सलेट के कारण उसका कैल्शियम शरीर में कम अवशोषित होता है।
कैल्शियम फोर्टिफाइड फूड्स: कैल्शियम से भरपूर फोर्टिफाइड सोया मिल्क, अनाज और अन्य खाद्य पदार्थ भी कैल्शियम की जरूरत पूरी करने में मदद कर सकते हैं।

कैल्शियम के साथ विटामिन D के साथ एक्सरसाइज भी है जरूरी
सिर्फ कैल्शियम से भरपूर चीजें खाना ही काफी नहीं है। शरीर को कैल्शियम का सही तरीके से अवशोषण करने के लिए विटामिन D की भी जरूरत होती है। विटामिन D की पर्याप्त मात्रा बनाए रखने के लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार सुरक्षित तरीके से धूप ली जा सकती है। इसके अलावा अंडे की जर्दी, फैटी फिश और विटामिन D से फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ भी इसके स्रोत हैं।कैल्शियम के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि भी हड्डियों की सेहत के लिए जरूरी है। वॉकिंग, सीढ़ियां चढ़ना, हल्की दौड़ और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जैसी वेट-बेयरिंग एक्सरसाइज हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद कर सकती हैं। हालांकि एक्सरसाइज का चुनाव अपनी उम्र और शारीरिक क्षमता के अनुसार करना चाहिए।
नोट : अगर आपको बार-बार मांसपेशियों में ऐंठन, हड्डियों में कमजोरी या कैल्शियम की कमी से जुड़ी कोई समस्या महसूस होती है तो डॉक्टर से सलाह लें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर जांच और मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर कैल्शियम सप्लीमेंट लेने की सलाह दे सकते हैं। बिना सलाह के अधिक मात्रा में कैल्शियम की गोलियां लेना सही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *