अर्थ

SEBI New Rules: शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर, सेबी ने KYC के नियमों में किया बदलाव

डेस्क: शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। मार्केट रेगुलेटर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने KYC प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। इन बदलावों के बाद निवेशकों को बार-बार अपनी व्यक्तिगत जानकारी देने और दस्तावेज जमा कराने की परेशानी से राहत मिलेगी। सेबी के नए नियम 24 दिसंबर 2026 से लागू होंगे।

सेबी ने बुधवार को KYC से जुड़े नियमों में संशोधन करते हुए जानकारी को केंद्रीकृत करने, मोबाइल नंबर के दोबारा सत्यापन की जरूरत कम करने और नाम में बदलाव से जुड़े दस्तावेजों की प्रक्रिया आसान बनाने जैसे फैसले लिए हैं।
अब बार-बार नहीं देनी होगी KYC की जानकारी
सेबी के नए नियमों के तहत अकाउंट ओपनिंग फॉर्म के पार्ट-II में शामिल सामान्य जानकारी अब KRA (KYC Registration Agency) के स्तर पर केंद्रीकृत की जाएगी। इससे निवेशकों को अलग-अलग जगहों पर एक ही जानकारी बार-बार देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इसके अलावा, यदि KRA सिस्टम में निवेशक का मोबाइल नंबर पहले से सत्यापित है और आधार से लिंक है, तो दोबारा वेरिफिकेशन कराना वैकल्पिक होगा।
पैन-आधार में नाम बदलने पर नहीं देना होगा अलग प्रमाणपत्र
नए नियमों के अनुसार, यदि किसी निवेशक ने पैन और आधार में अपना नाम अपडेट कराया है, तो उसे नाम में बदलाव साबित करने के लिए अलग से नेम चेंज सर्टिफिकेट जमा करने की जरूरत नहीं होगी।
वहीं, भारत में रहने वाले OCI कार्डधारकों और विदेशी नागरिकों को भी राहत दी गई है। यदि वे भारत में अपने पते का सत्यापित प्रमाण देते हैं, तो उन्हें अलग से विदेशी पते का प्रमाण देने की आवश्यकता नहीं होगी।
निष्क्रिय फोलियो को लेकर भी नया नियम
सेबी ने उन फोलियो के लिए भी निर्देश दिए हैं, जिनमें लगातार छह महीने तक जीरो बैलेंस रहता है और कोई लेनदेन नहीं होता। ऐसे फोलियो की जानकारी फंड हाउस को पांच कार्यदिवस के भीतर उपलब्ध करानी होगी।
इन बदलावों का मकसद KYC प्रक्रिया को सरल बनाना, कागजी कार्रवाई कम करना और निवेशकों के लिए वित्तीय सेवाओं तक पहुंच आसान करना है।
AI सैंडबॉक्स और घरेलू AI मॉडल पर भी विचार
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने कोच्चि में जानकारी दी कि रेगुलेटर शेयर बाजार के लिए AI सैंडबॉक्स और घरेलू स्तर पर संचालित होने वाले AI मॉडल की संभावनाओं पर भी विचार कर रहा है।
इस पहल का उद्देश्य वित्तीय बाजार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और इसके लिए सुरक्षित व नियंत्रित व्यवस्था तैयार करना है।
FPOs को भी मिल सकती है बड़ी राहत
सेबी ने फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशंस (FPOs) के लिए अर्ली पे-आउट की सुविधा देने का प्रस्ताव भी रखा है। इसके तहत नकदी की कमी से जूझ रहे FPOs को कमोडिटी डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट की एक्सपायरी से 30 दिन पहले बिक्री की रकम का 80 फीसदी हिस्सा मिल सकेगा।
इससे किसानों से जुड़े संगठनों को समय पर नकदी उपलब्ध कराने और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *