खेल

मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखने पर उठे सवाल, BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले- बेवजह विवाद मत बनाइए

डेस्क: न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को प्लेइंग इलेवन (Playing eleven) से बाहर रखने पर उठे सवालों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने चयन विवाद को तूल नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सिराज टीम का हिस्सा हैं और अंतिम एकादश का चयन करने का अधिकार कप्तान और कोच के पास होता है। किसी खिलाड़ी को बेवजह विवाद में घसीटना उचित नहीं है।
भारत ने वेलिंगटन टेस्ट में जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज के रूप में चार तेज गेंदबाजों को मौका दिया था। वहीं, अंशुल कंबोज के पास मैच से पहले केवल एक टेस्ट का अनुभव था, जबकि 48 टेस्ट खेल चुके सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा।
सिराज को बाहर रखने के फैसले पर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर और टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी सवाल उठाए थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव शुक्ला ने पीटीआई से कहा कि सिराज के चयन को लेकर किसी तरह का विवाद खड़ा नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ”मुझे नहीं लगता कि सिराज के इस मामले को किसी भी तरह के विवाद में घसीटना चाहिए। ऐसा करना ठीक नहीं है। वह टीम का हिस्सा हैं। अंतिम एकादश का चयन कोच और कप्तान को करना होता है। किसी खिलाड़ी को बेवजह इस तरह के विवाद में लाना सही नहीं है। इन सभी बातों को ध्यान में रखा जाता है।”

बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद जीत नहीं सका भारत
वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम ने पहली पारी में नौ विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके बावजूद टीम जीत दर्ज करने में नाकाम रही। न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाज करीब 120 ओवर गेंदबाजी करने के बाद भी केवल पांच विकेट हासिल कर सके। मेजबान टीम ने पांच विकेट पर 239 रन बनाकर मुकाबला ड्रॉ करा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *