स्थानीय

दिशा की बैठक में पहले दिन भारत सरकार की 19 योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

 

सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का दिया निर्देश

जिले के प्रत्येक गांव,टोला एवं मोहल्ले तक मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने पर जोर

हर घर तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाने के लिए मिशन मोड में कार्य करें बीपीसीएल के अधिकारी

आयुष्मान कार्ड निर्माण तेजी लाने का दिया निर्देश

डाकघर को आमलोगों के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए प्रत्येक मोहल्ले में लेटर बॉक्स एवं डाकघरों में रेल टिकट की व्यवस्था करने का निर्देश

 

 

 

 

दरभंगा, 25 नवम्बर 2026:-समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में माननीय सांसद दरभंगा डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की दो दिवसीय बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक के प्रथम दिन भारत सरकार की 19 महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशिला गुप्ता, माननीय विधायक दरभंगा ग्रामीण श्री राजेश कुमार मंडल, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रेणु देवी, जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, नगर आयुक्त श्रीमती गरिमा लोहिया, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल सहित दिशा समिति के मनोनीत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

बैठक में एयरपोर्ट, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, पुल निर्माण विभाग, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि एवं किसान कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, आईटी पार्क, दूरसंचार विभाग, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

 

*एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन एवं नाइट लैंडिंग की सुविधा पर विशेष जोर*

 

बैठक में सर्वप्रथम दरभंगा एयरपोर्ट से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि एयरपोर्ट से दिल्ली मोड़ तक सीसीटीवी कैमरा एवं हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा कर दी गई है। एयरपोर्ट परिसर में पेड़ों के स्थानांतरण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

 

माननीय अध्यक्ष ने नए टर्मिनल भवन के निर्माण कार्य में कार्यबल बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने लॉजिस्टिक पार्क, कार्गो सुविधा सहित अन्य प्रस्तावित सुविधाओं की भी समीक्षा की। एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा नाइट लैंडिंग की व्यवस्था जल्द से जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया।

 

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। इस पर माननीय अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि पौधारोपण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा मिल सके।

 

*आरओबी निर्माण कार्य में तेजी लाएं, दिल्ली मोड़ आरओबी मार्च तक पूरा करने का निर्देश*

 

बैठक में जिले में निर्माणाधीन विभिन्न रेल ओवरब्रिज (आरओबी) की प्रगति की समीक्षा की गई। माननीय अध्यक्ष ने संबंधित अभियंताओं से निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा सभी आरओबी के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने दिल्ली मोड़ आरओबी का निर्माण कार्य मार्च तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया। वहीं, दोनार आरओबी की समीक्षा के क्रम में निर्माणाधीन स्थल पर सड़क को मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया,ताकि आमलोगों को आवागमन में कठिनाई नहीं हो।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो संवेदक निर्धारित गति से कार्य नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने पुल निर्माण विभाग के अभियंताओं को आरओबी निर्माण से संबंधित एलसी शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।

 

रेलवे से संबंधित सुविधाओं की समीक्षा के दौरान माननीय अध्यक्ष ने जिन रेलवे स्टेशनों पर शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां शौचालय निर्माण कराने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के सभी रेलवे स्टेशनों पर मैथिली भाषा में उद्घोषणा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्थानीय भाषा में यात्रियों को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध हो सकें।

 

राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एनएचएआई से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यपालक अभियंता एनएच/एनएचएआई को फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

बैठक में दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि एम्स निर्माण स्थल पर मिट्टी भराई का कार्य जारी है। इस पर माननीय अध्यक्ष ने कार्य की गति बढ़ाने के लिए दिन-रात मिट्टी भराई का कार्य कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप आगे बढ़ सके।

 

*सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सभी विभाग एक सप्ताह में चालू करें*

 

उन्होंने डीएमसीएच अधीक्षक को निर्देश दिया कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सभी विभागों को एक सप्ताह के अंदर चालू कराया जाए। साथ ही सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता प्रत्येक संबंधित इकाई में सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने डीएमसीएच में निर्माणाधीन 1700 बेड के अस्पताल की प्रगति की जानकारी ली तथा बीएमएसआईसीएल के अभियंताओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

 

डीएमसीएच परिसर में जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं, डीएमसीएच अधीक्षक को अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

 

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक लगभग 19 लाख 80 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस पर माननीय अध्यक्ष ने शेष पात्र लाभार्थियों का कार्ड निर्माण अभियान चलाकर शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा कार्य में तेजी लाने को कहा।

 

उन्होंने सिविल सर्जन को रसियारी अस्पताल को शीघ्र चालू कराने तथा स्वयं अस्पताल का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त जिले में निर्माणाधीन अस्पतालों की स्थिति, एंबुलेंस की उपलब्धता एवं संचालन, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सहित स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।

 

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय अध्यक्ष ने किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि जिले को आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक का आवंटन प्राप्त नहीं हो रहा है, तो संबंधित विभाग को इस संबंध में पत्र भेजकर अतिरिक्त आवंटन की मांग की जाए।

 

दूरसंचार विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय अध्यक्ष ने जिले के प्रत्येक गांव, टोला एवं मोहल्ले तक मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संचार सुविधा आज आमलोगों की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है। इसलिए जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या है, वहां आवश्यक कार्रवाई करते हुए नेटवर्क कवरेज सुनिश्चित किया जाए।

 

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए माननीय अध्यक्ष ने बीपीसीएल के अधिकारियों को जिले के प्रत्येक घर तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने के लक्ष्य के साथ मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि गैस पाइपलाइन विस्तार कार्य में तेजी लाई जाए तथा अधिक से अधिक परिवारों को इस सुविधा से जोड़ा जाए।

 

डाक विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय अध्यक्ष ने डाकघर की सेवाओं को आमलोगों के बीच अधिक लोकप्रिय एवं उपयोगी बनाने पर जोर दिया।

 

उन्होंने प्रत्येक मोहल्ले में लेटर बॉक्स लगाने तथा डाकघरों में रेल टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू करने की पहल करने का निर्देश दिया, ताकि आमलोगों को स्थानीय स्तर पर ही डाक एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सके।

 

बैठक में मिथिला शोध संस्थान में चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। माननीय अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

 

आकाशवाणी दरभंगा से संबंधित समीक्षा के दौरान उन्होंने डीडी मैथिली चैनल शुरू करने के लिए आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि स्टूडियो निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इस पर माननीय अध्यक्ष ने प्रसारण क्षमता को 5 वॉट से बढ़ाकर 20 मेगाहर्ट्ज करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 

बैठक के दौरान माननीय अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि दिशा समिति की बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

 

बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को लिखा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने, जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लेने तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में माननीय मनोनीत सदस्य श्री कन्हाई पासवान, श्री देवेंद्र कुमार झा, श्री मणिकांत मिश्रा, श्री मदन कुमार यादव, श्री सुमन कुमार सिंह सहित अन्य मनोनीत सदस्य एवं माननीय प्रखंड प्रमुख उपस्थित थे।

 

बैठक में माननीय अध्यक्ष ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए उनके क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *