डेस्क: बिहार में साइबर ठग नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं. उनकी नजर प्रदेश के करीब डेढ़ लाख पारा मेडिकल प्रोफेशनल्स और 100 से अधिक संस्थानों पर है. बिहार राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद की आधिकारिक वेबसाइट अभी तैयार हो रही है. इसी बीच परिषद के नाम से मिलती-जुलती एक वेबसाइट सामने आई है. इस पर सरकारी परिषद जैसा लोगो और डिजाइन इस्तेमाल किया गया है. ऐसे में इसके जरिए रजिस्ट्रेशन और संबद्धता के नाम पर ठगी की आशंका जताई जा रही है. वहीं, विभाग भी अलर्ट हो गया है और पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.
फर्जी वेबसाइट का लिंक https://bpahe.in/affiliation बताया जा रहा है. आशंका है कि इसके जरिए पारा मेडिकलकर्मियों और संस्थानों से आवेदन, दस्तावेज अपलोड करने और फीस जमा करने के नाम पर पैसे मांगे जा सकते हैं. हालांकि, अब तक इस वेबसाइट के जरिए किसी के साथ ठगी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बिहार में पारा मेडिकल संस्थान और प्रोफेशनल्स लंबे समय से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच मिलते-जुलते नाम और सरकारी स्वरूप वाली वेबसाइट सामने आने से चिंता बढ़ गई है. सरकारी पोर्टल समझकर लोग इस पर आवेदन कर सकते हैं और अपनी निजी जानकारी साझा कर सकते हैं. ठग संबद्धता शुल्क, रजिस्ट्रेशन फीस, आवेदन शुल्क और दस्तावेज सत्यापन के नाम पर पैसे मांग सकते हैं. वेबसाइट की बनावट सरकारी पोर्टल जैसी होने के कारण लोग बिना पुष्टि किए भुगतान भी कर सकते हैं.
इस फर्जी वेबसाइट के जरिए केवल पैसों की ठगी ही नहीं, बल्कि निजी दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल का भी खतरा है. रजिस्ट्रेशन के नाम पर आधार कार्ड, फोटो, मोबाइल नंबर, ईमेल और शैक्षणिक प्रमाणपत्र मांगे जा सकते हैं. वहीं, कॉलेजों से संबद्धता के लिए संस्थान के पंजीकरण, शिक्षकों और भवन से जुड़े दस्तावेज हासिल किए जा सकते हैं. इन जानकारियों का इस्तेमाल पहचान की चोरी और दूसरे साइबर अपराधों में किया जा सकता है. इसलिए वेबसाइट की आधिकारिक पुष्टि किए बिना कोई भी दस्तावेज अपलोड करना जोखिम भरा हो सकता है.
राष्ट्रीय सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 के तहत बिहार राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद का गठन किया गया है. परिषद के जिम्मे पारा मेडिकल और एलाइड हेल्थकेयर संस्थानों की संबद्धता, शिक्षा की गुणवत्ता और प्रोफेशनल्स के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जिम्मेदारियां हैं. इसी प्रक्रिया के लिए संस्थान और पेशेवर आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.
परिषद के चेयरमैन सूरज कुमार ने बताया कि फर्जी वेबसाइट का मामला सचिव के स्तर पर देखा जा रहा है. इसके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि परिषद की आधिकारिक वेबसाइट तैयार हो रही है. तब तक संस्थान और पारा मेडिकल प्रोफेशनल्स किसी भी फर्जी वेबसाइट पर अपने दस्तावेज अपलोड न करें.



