डेस्क: एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सीमा पार रियल एस्टेट निवेश के पसंदीदा शीर्ष 10 गंतव्यों की सूची में मुंबई सबसे निचले स्थान पर है। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी कोलियर्स इंडिया ने कहा, ”एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सीमा पार निवेश के लिए तोक्यो सबसे पसंदीदा गंतव्य है। इसके बाद ओसाका और सिडनी का स्थान है।”
कोलियर्स इंडिया ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट ‘कोलियर्स- 2027 ग्लोबल इन्वेस्टर आउटलुक’ जारी की। सूची में मेलबर्न और फुकुओका संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। सिंगापुर पांचवें और ब्रिस्बेन छठे स्थान पर है। साप्पोरो और नागोया सातवें स्थान पर हैं, जबकि सियोल को भी सातवां स्थान दिया गया है। हांगकांग, ऑकलैंड और हो ची मिन्ह सिटी संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर हैं। मुंबई इस शीर्ष 10 सूची में आखिरी स्थान पर है।
रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों की पसंद वाले प्रमुख क्षेत्रों में कार्यालय परिसर, औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक संपत्तियां, डेटा सेंटर और पर्यटन क्षेत्र शामिल हैं। कोलियर्स की रिपोर्ट में कहा गया कि यह रैंकिंग 2027 में निवेश गतिविधियों के लिए निवेशकों की पसंद को दर्शाती है लेकिन यह निवेश की संभावित मात्रा के आधार पर नहीं है। ऊंची रैंकिंग निवेशकों की अधिक रुचि या सौदों की ज्यादा गतिविधियों का संकेत देती है लेकिन इसका मतलब यह जरूरी नहीं है कि वहां अधिक पूंजी निवेश किया जाएगा।
कोलियर्स इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक बादल याग्निक ने कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सीमा पार निवेश के पसंदीदा गंतव्यों में मुंबई का शामिल होना भारत के स्थापित बाजारों और उनकी दीर्घकालिक विकास क्षमता में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।



