डेस्क: भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। कारोबार शुरू होने के बाद बाजार की बढ़त लगातार मजबूत हुई और सेंसेक्स-निफ्टी में शानदार उछाल दर्ज किया गया। दोपहर को कारोबार में BSE सेंसेक्स 1,981.60 अंक यानी 2.40% की बढ़त के साथ 84,417.59 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, NSE निफ्टी 50 भी 576.40 अंक यानी 2.27% चढ़कर 25,926.05 पर कारोबार करता नजर आया।
बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹3 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गया यानी निवेशकों की दौलत में ₹3 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ है।
शेयर बाजार में तेजी के 5 बड़े कारण
1. बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में जमकर खरीदारी
बाजार की तेजी में बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों का सबसे अहम योगदान रहा। Nifty Bank में 1,274.45 अंक यानी 2.03% का उछाल आया और यह 63,859.80 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, BANKEX भी 1,483.37 अंक यानी 2.10% चढ़कर 71,894.18 पर पहुंच गया। HDFC Bank समेत बड़े बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली।
2. भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने की वैल्यू बाइंग
सोमवार के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स करीब 1,484 अंक और निफ्टी 451 अंक टूट गया था। इसके बाद मंगलवार को बाजार बंद रहा। बुधवार को कारोबार शुरू होते ही निवेशकों ने अच्छे फंडामेंटल वाली बड़ी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी शुरू कर दी। निचले स्तरों पर हुई इस खरीदारी ने बाजार को तेज रिकवरी करने में मदद की।
3. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिली राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भी भारतीय शेयर बाजार को सहारा दिया। सप्लाई बढ़ने की उम्मीदों के बीच ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स करीब 91 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई, आयात बिल और चालू खाते के घाटे पर दबाव कम होने की उम्मीद रहती है।
4. ग्लोबल दबाव के बावजूद घरेलू बाजार में मजबूत खरीदारी
बुधवार को दक्षिण कोरिया के कोस्पी और जापान के निक्केई जैसे प्रमुख एशियाई बाजारों में कमजोरी देखने को मिली। अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली का असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा। इसके बावजूद भारतीय बाजार में निवेशकों का भरोसा मजबूत बना रहा। GIFT Nifty से मिले सकारात्मक संकेतों और घरेलू खरीदारी ने बाजार को वैश्विक कमजोरी के असर से बचाए रखा।
5. बड़े शेयरों में तेजी से बाजार को मिला सपोर्ट
रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC Bank और अन्य दिग्गज कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने प्रमुख सूचकांकों को ऊपर पहुंचाने में मदद की। IT सेक्टर में भी तेजी रही। बड़े शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों को मजबूती मिली।



