डेस्क: कॉलेज के दिनों की दोस्ती, प्यार, मस्ती और जिंदगी से जुड़े अनुभवों को समेटे वेब सीरीज ‘कैंपस डायरीज’ अपने दूसरे सीजन के साथ लौट आई है। पहले सीजन को मिली दर्शकों की सराहना के बाद इस बार कहानी कॉलेज लाइफ के नए अनुभवों, रिश्तों की उलझनों और बदलते नजरिए के इर्द-गिर्द बुनी गई है। अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुए इस सीजन में हर्ष बेनीवाल, ऋत्विक साहोरे, सृष्टि गांगुली रिंदानी, सलोनी पटेल, अभिनव शर्मा और सलोनी गौर नजर आ रहे हैं। येलो मॉन्टाज के बैनर तले प्रेम मिस्त्री और अभिषेक यादव द्वारा निर्मित इस सीरीज का निर्देशन अभिषेक यादव ने किया है। दूसरे सीजन की कहानी, किरदारों और शूटिंग से जुड़े दिलचस्प अनुभवों पर हर्ष बेनीवाल, ऋत्विक साहोरे और सृष्टि गांगुली रिंदानी ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश…
ऋत्विक साहोरे
सवाल: ‘कैंपस डायरीज’ के पहले सीजन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब दूसरे सीजन में क्या खास देखने को मिलेगा?
जवाब: दूसरे सीजन में काफी कुछ होने वाला है। एक इंटरव्यू में पूरी कहानी बताना संभव नहीं है। दर्शकों को इसे एक साथ देखने में ज्यादा मजा आएगा। पहले सीजन के बाद हमारे मन में भी सवाल था कि अब आगे क्या होगा, लेकिन राइटर्स, डायरेक्टर अभिषेक यादव और उनकी पूरी टीम ने इस बार भी एक शानदार कहानी तैयार की है। मुझे इसकी शूटिंग करने के साथ-साथ इसे दोबारा देखने में भी उतना ही मजा आया। मैं यह बात सिर्फ शो का हिस्सा होने के नाते नहीं, बल्कि एक दर्शक के तौर पर कह रहा हूं।
सवाल: पहले सीजन से दर्शकों का किरदारों के साथ एक खास जुड़ाव बना था। दूसरे सीजन में उन्हें क्या नया देखने को मिलेगा?
जवाब: यह पहले सीजन की कहानी का ही आगे का हिस्सा है, लेकिन इस बार हर किरदार अपनी जिंदगी में आगे बढ़ रहा है और बदल रहा है। सभी नए अनुभवों से गुजर रहे हैं और गलतियां भी कर रहे हैं। कहानी में ऐसी कई परिस्थितियां हैं, जिनसे आम छात्र अपनी जिंदगी में कभी न कभी गुजर चुके होते हैं। दर्शकों को कई ऐसे पल देखने को मिलेंगे, जिनसे वे खुद को जोड़ पाएंगे। मुझे लगता है कि यही इस शो की खूबसूरती है। यह युवाओं की जिंदगी और उनकी भावनाओं की आवाज है।
हर्ष बेनीवाल
सवाल: पहले सीजन की शूटिंग के दौरान की कौन-सी याद आज भी आपके चेहरे पर मुस्कान ले आती है?
जवाब: पहले सीजन की शूटिंग पंजाब में हुई थी और पूरी कास्ट व क्रू एक ही होटल में रुके हुए थे। शूटिंग खत्म होने के बाद हम सब साथ बैठते, मस्ती करते और एक-दूसरे के साथ वक्त बिताते थे। अगले दिन फिर शूटिंग होती थी, लेकिन इसके बावजूद हम देर रात तक बातें करते रहते थे। उस दौरान पूरब भी हमारे साथ था। उसका एक छोटा-सा सीन भी अचानक शूटिंग के दौरान ही बन गया था। ऐसी बहुत-सी यादें हैं, जिन्हें आज भी याद करके अच्छा लगता है।
सवाल: दूसरे सीजन की शूटिंग के दौरान आपकी सबसे मजेदार या खराब याद कौन-सी रही?
जवाब: एक सीन था, जिसमें मुझे और ऋत्विक को रात में शराब पीने के बाद छत पर एक सीन करना था। उस समय मैं आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ से काफी प्रेरित था। मैंने सोचा कि क्यों न सीन को असली बनाने के लिए थोड़ी शराब पी ली जाए। मैंने पहले ही अपने डायलॉग याद कर लिए थे और डायरेक्टर को भी बता दिया था। सीन करते हुए मुझे लगा कि मैं बहुत अच्छा परफॉर्म कर रहा हूं। लेकिन असली परेशानी उसके बाद शुरू हुई। मैंने अपना फोन सबको इस्तेमाल करने के लिए दे दिया और बाद में उसका पासवर्ड बदल दिया। अगले दिन मुझे नया पासवर्ड ही याद नहीं आया। फोन में मेरी सालों की तस्वीरें और वीडियो थे। मैंने काफी कोशिश की, एप्पल की टीम से भी बात की, लेकिन फोन अनलॉक नहीं हो पाया। मेरी 2016 से लेकर अब तक की कई यादें उसी फोन में थीं, जो हमेशा के लिए खो गईं। यह मेरी जिंदगी के सबसे खराब दिनों में से एक था।
सवाल: आजकल के रिश्तों में इतनी उलझनें क्यों देखने को मिल रही हैं? क्या युवा कमिटमेंट से बच रहे हैं?
जवाब: मुझे लगता है कि आजकल कई लोगों को कमिटमेंट से परेशानी होती है। वे भावनात्मक रूप से जुड़ना नहीं चाहते, लेकिन बाकी चीजें जारी रखना चाहते हैं। मेरे कुछ दोस्त भी ऐसे रिश्तों में हैं और कई बार मैं उन्हें समझाता हूं कि इस तरह की स्थिति उनकी मानसिक सेहत पर असर डाल सकती है। हालांकि, हर किसी के लिए रिश्तों को देखने का नजरिया अलग होता है। अगर कोई अपने तरीके से खुश है और उसे वह रिश्ता सही लगता है, तो यह उसका फैसला है।
सवाल: सोशल मीडिया पर मिलने वाला फेम जितनी तेजी से बढ़ता है, उतनी ही जल्दी विवाद भी सामने आ जाते हैं। आप ऐसी परिस्थितियों को कैसे संभालते हैं?
जवाब: मेरी जिंदगी में बहुत ज्यादा विवाद नहीं हुए हैं, लेकिन मेरा मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में चुप रहना बेहतर होता है। अगर कोई आपके बारे में कुछ कह रहा है, तो उसे कहने दीजिए। आप जितना ज्यादा उस बात को जवाब देंगे, उतना ही उसे बढ़ावा मिलेगा। इसलिए मेरा तरीका यही है कि अपने काम पर ध्यान दो, पैसे कमाओ और आगे बढ़ो।
सृष्टि गांगुली रिंदानी
सवाल: क्या आपको लगता है कि आज की युवा पीढ़ी अपने रिश्तों को लेकर पहले से ज्यादा स्पष्ट है?
जवाब: हमारी सीरीज के किरदार अभी उस दौर में हैं, जहां वे खुद को समझने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें यह जानना है कि उन्हें क्या पसंद है, किसके साथ रहना है और किसी के प्रति उनका आकर्षण सिर्फ पसंद है या उससे बढ़कर कुछ। हालांकि, आज की युवा पीढ़ी को देखकर लगता है कि वे अपनी जिंदगी और रिश्तों को लेकर काफी स्पष्ट हैं। उन्हें पता है कि उन्हें क्या चाहिए और किसके साथ रहना है। मुझे यह अच्छी बात लगती है। शायद इसी वजह से रिश्ते आजकल थोड़े जटिल भी लगते हैं, क्योंकि अब किसी को अपने करीब लाने के लिए सिर्फ एक फूल देना काफी नहीं है।
सवाल: आपकी कॉलेज लाइफ कैसी रही? क्या आप भी उन यादों को मिस करती हैं?
जवाब: मेरी कॉलेज लाइफ बहुत कम समय के लिए रही, क्योंकि मैंने कॉलेज छोड़कर एक्टिंग शुरू कर दी थी। मुझे पता था कि मुझे एक्टिंग करनी है, इसलिए उस समय लगा कि पढ़ाई में समय क्यों लगाऊं। हालांकि, अब पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है कि पढ़ाई पूरी करनी चाहिए थी, क्योंकि शिक्षित होना जरूरी है। मेरी कॉलेज की ज्यादातर यादें कॉलेज के बाहर की हैं। मैं अपने उस समय के बॉयफ्रेंड के कॉलेज भी चली जाती थी। कभी उसकी क्लास में बैठती थी, तो कभी बाहर दोस्तों के साथ समय बिताती थी। एक बार कॉलेज फेस्ट में मैंने गाना भी गाया था, लेकिन मुझे डिसक्वालिफाई कर दिया गया था।
सवाल: इस सीजन से खासकर युवा लड़कियों को क्या सीखने को मिलेगा?
जवाब: इस सीजन में सोशल मीडिया को भी एक अहम विषय के तौर पर दिखाया गया है। आज सोशल मीडिया हमारी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा बन चुका है और इसका असर हमारी मानसिक स्थिति पर भी पड़ता है। कई बार हमारी जिंदगी का हर पल कैमरे के लिए होता है और हम असल में जीने के बजाय दिखाने में ज्यादा व्यस्त हो जाते हैं। इस सीजन में इससे जुड़ी एक दिलचस्प कहानी देखने को मिलेगी। मुझे लगता है कि यह सीजन खासतौर पर लड़कियों के लिए भी काफी अहम है। उन्हें इसमें अपने फैसलों और उनके नतीजों को समझने का मौका मिलेगा।
सवाल: दर्शकों के लिए कोई खास संदेश?
जवाब: अगर आपको यहां हमारी मस्ती अच्छी लगी है, तो यकीन मानिए कि ‘कैंपस डायरीज सीजन 2’ में इससे भी ज्यादा मस्ती देखने को मिलेगी। यह सीजन 18 नवंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है। इसे जरूर देखिए।



