राष्ट्रीय

पंजाब और पंजाबियों की भलाई सबसे पहले, अकाली दल की NDA में वापसी से बेहद खुश हूं : PM मोदी

डेस्क: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के फिर से साथ आने के ऐलान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस गठबंधन का स्वागत किया और कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण उनकी प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी से वह बेहद खुश हैं। उन्होंने इसे खास अवसर बताते हुए कहा कि यह घोषणा श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दिन हुई है।

पंजाब और पंजाबियों की भलाई सबसे पहले
पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में बीजेपी और अकाली दल के पुराने रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन को अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जैसे नेताओं ने आगे बढ़ाया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मोदी ने कहा, ”मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल NDA परिवार में वापस आ गया है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी की जयंती पर। हमारा एक नेचुरल अलायंस है, जो यह पक्का करेगा कि पंजाब के लोगों को एक पीपल-फ्रेंडली सरकार मिले, जो राज्य को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।” उन्होंने आगे लिखा, ”अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा बनाया गया अकाली दल-BJP अलायंस हमेशा समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा अलायंस पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।”
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल को मिलेगा। उन्होंने कहा, ”अकाली दल पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा-अकाली गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि अकाली दल के वापस आने से अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूरा हो गया है। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि उनका रिश्ता वाजपेयी-आडवाणी के दौर से चला आ रहा है। यहां शाह और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के साथ एक प्रेस वार्ता में गठबंधन की घोषणा करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब को विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करेंगी। बादल ने कहा कि यह कोई राजनीतिक नहीं बल्कि एक भावनात्मक गठबंधन है। शाह ने कहा कि चुनावों के लिए दोनों दलों द्वारा जल्द ही विस्तृत घोषणापत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा, लेकिन पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना, किसानों के कल्याण के लिए मिलकर काम करना और हिंदू-सिख एकता को बढ़ावा देना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। गौरतलब है कि अब रद्द किए जा चुके तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर अकाली दल ने सितंबर 2020 में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। इससे पहले तक लोकसभा सदस्य हरसिमरत कौर बादल मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रही थीं। साल 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनावों में, कुल 117 सीटों में से भाजपा ने केवल दो सीटें जीती थीं, जबकि अकाली दल तीन विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज कर सका था। चुनावी गठबंधन टूटने से पहले, अकाली दल और भाजपा दोनों मिलकर चुनाव लड़ते थे। विधानसभा चुनावों में पिछले समझौते के अनुसार, भाजपा 23 सीटों पर और अकाली दल 94 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ता था। वहीं, लोकसभा चुनावों में अकाली दल 10 सीटों पर और भाजपा शेष तीन सीटों पर चुनाव लड़ती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *