डेस्क: देश के बैंकिंग सेक्टर के तीन बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) एक बार फिर रिजर्व बैंक की खास सूची में शामिल हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इन तीनों बैंकों को 2026 की डोमेस्टिक सिस्टमेटिकली इंपोर्टेंट बैंक्स (D-SIBs) लिस्ट में बरकरार रखा है। इसका मतलब है कि ये बैंक देश की अर्थव्यवस्था और वित्तीय व्यवस्था के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके फेल होने से पूरे बैंकिंग सिस्टम पर बड़ा असर पड़ सकता है। इसलिए RBI इन बैंकों पर विशेष निगरानी रखता है और इन्हें अतिरिक्त पूंजी सुरक्षित रखनी होती है।
SBI, HDFC और ICICI बैंक को कितना रखना होगा अतिरिक्त पैसा?
RBI ने तीनों बैंकों को अलग-अलग बकेट में रखा है। इसी आधार पर इनके लिए अतिरिक्त कॉमन इक्विटी टियर-1 (CET1) कैपिटल की जरूरत तय की गई है।
SBI: सरकारी बैंक को बकेट 4 में रखा गया है। इसे रिस्क-वेटेड एसेट्स (RWAs) का 0.80% अतिरिक्त CET1 कैपिटल रखना होगा।
HDFC Bank: निजी बैंक बकेट 2 में है। इसके लिए अतिरिक्त पूंजी की सीमा 0.40% तय की गई है।
ICICI Bank: इसे बकेट 1 में रखा गया है। इसे 0.20% अतिरिक्त CET1 कैपिटल रखना होगा।
यह अतिरिक्त पूंजी कैपिटल कंजर्वेशन बफर के अलावा रखनी होगी। पिछले साल के मुकाबले तीनों बैंकों की कैटेगरी और पूंजी संबंधी शर्तों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
क्या होती है D-SIBs लिस्ट?
D-SIBs का मतलब Domestic Systemically Important Banks है। RBI इस सूची में उन बैंकों को शामिल करता है, जिनका देश की अर्थव्यवस्था और वित्तीय व्यवस्था में बड़ा योगदान होता है। ऐसे बैंक अगर किसी संकट में फंसते हैं, तो उसका असर पूरे वित्तीय सिस्टम पर पड़ सकता है।
बैंकों को उनके Systemic Importance Score के आधार पर पांच बकेट में बांटा जाता है। ऊंचे बकेट में शामिल बैंक को ज्यादा अतिरिक्त पूंजी रखनी पड़ती है। 2026 की सूची में बकेट 3 और बकेट 5 में कोई बैंक शामिल नहीं है।
2015 से लगातार सूची में शामिल हैं तीनों बैंक
RBI ने D-SIBs फ्रेमवर्क की शुरुआत 22 जुलाई 2014 को की थी। इसके बाद 2015 में SBI, 2016 में ICICI बैंक और 2017 में HDFC बैंक को इस सूची में शामिल किया गया। तब से तीनों बैंक लगातार इस श्रेणी में बने हुए हैं। मौजूदा वर्गीकरण 31 मार्च 2026 तक जुटाए गए आंकड़ों पर आधारित है।
विदेशी बैंकों पर भी लागू होंगे नियम
RBI के ये नियम सिर्फ भारतीय बैंकों तक सीमित नहीं हैं। भारत में शाखाओं के जरिए काम करने वाले विदेशी बैंक, जिन्हें ग्लोबल सिस्टमेटिकली इंपोर्टेंट बैंक (G-SIB) घोषित किया गया है, उन्हें भी भारतीय कारोबार के रिस्क-वेटेड एसेट्स के अनुपात में अतिरिक्त CET1 कैपिटल रखनी होगी।



