राष्ट्रीय

”तुम्हारा चाचा चोर है” कहकर चिढ़ाने वाले लड़के को प्रियंका ने स्कूल में जड़ा था थप्पड़

डेस्क: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बताया कि आपातकाल के बाद जब उनकी दादी और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी 1977 का लोकसभा चुनाव हार गई थीं, तब स्कूल में एक लड़के ने उनके चाचा संजय गांधी को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके जवाब में उन्होंने उसे थप्पड़ जड़ दिया था। प्रियंका गांधी ने यह किस्सा अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ बातचीत के दौरान साझा किया। इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को कांग्रेस के सोशल मीडिया मंचों पर साझा किया गया। वीडियो में प्रियंका कहती हैं, ”आपातकाल के बाद जब दादी चुनाव हार गईं, तो हम दूसरे घर में रहने चले गए। मुझे याद है कि उस समय काफी तनाव था।”

उन्होंने बताया कि स्कूल में एक लड़का उनके पास आया और कहा, ”तुम्हारा चाचा (संजय गांधी) जेल में है, तुम्हारा चाचा चोर है।” प्रियंका गांधी ने कहा, ”मैंने उसे थप्पड़ मार दिया। वह रोने लगा और शिक्षक के पास चला गया। इसके बाद मुझे डांट पड़ी।” इस बातचीत में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आपातकाल के बाद स्कूल में अपने शुरुआती दिनों की यादें भी साझा कीं। राहुल गांधी ने कहा कि स्कूल में वह और उनकी बहन एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थे। उन्होंने प्रियंका को नियमों का पालन करने वाली और विनम्र बताया, जबकि खुद को विद्रोही स्वभाव का बताया, जो सवाल पूछता था और दूसरों को परेशान करता था। इस पर प्रियंका ने कहा कि वह व्यवस्था के अनुकूल थीं, जबकि राहुल ऐसे नहीं थे।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि संसद में भी आज दोनों के बीच वही अंतर दिखाई देता है, जो स्कूल के दिनों में था। राहुल गांधी ने भी उस दौर की याद साझा करते हुए कहा कि आपातकाल के बाद स्कूल लौटने पर कोई भी उनके बगल में नहीं बैठता था। उन्होंने बताया कि अपने सातवें जन्मदिन पर उनके दोस्तों में से केवल एक ही उनसे मिलने आया था, जो आज भी उनका दोस्त है। सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के कुछ दिन बाद सामने आए इस वीडियो में तीनों गांधी परिवार के सदस्य अपने जीवन के सुखद और मुश्किल पलों को याद करते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *