डेस्क: शेयर बाजार में आमतौर पर किसी स्टॉक में 10%, 20% या 30% की गिरावट को बड़ी गिरावट माना जाता है लेकिन अमेरिका में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक फंड की वैल्यू महज 20 मिनट में करीब 92% तक गिर गई यानी किसी निवेशक ने अगर इसमें 1 लाख रुपए लगाए होते, तो उसकी रकम घटकर सिर्फ 8 हजार रुपए रह जाती। इस भारी गिरावट के पीछे किसी कंपनी का घोटाला या वित्तीय गड़बड़ी नहीं, बल्कि शेयर बाजार में लगाया गया बेहद जोखिम भरा दांव था।
Nvidia के शेयरों में तेजी ने बिगाड़ा पूरा खेल
दरअसल, यह मामला ट्रिपल-लीवरेज्ड शॉर्ट फंड से जुड़ा है। इस तरह के फंड निवेशकों को किसी शेयर की गिरावट से कमाई करने का मौका देते हैं। इसमें शेयर के भाव गिरने पर फायदा होता है लेकिन अगर शेयर तेजी से चढ़ जाए तो नुकसान भी कई गुना हो सकता है।
निवेशकों को उम्मीद थी कि अमेरिकी टेक कंपनी Nvidia के शेयरों में और गिरावट आएगी। इसी अनुमान के आधार पर बड़ी संख्या में लोगों ने शॉर्ट पोजीशन ली थी लेकिन 23 नवंबर को बाजार खुलने से पहले Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग की वापसी से जुड़ी खबर सामने आने के बाद शेयर में जोरदार उछाल आया। Nvidia के शेयरों में करीब 30% की तेजी ने शॉर्ट पोजीशन लेने वाले निवेशकों को भारी नुकसान में डाल दिया।
3 गुना लेवरेज ने बढ़ा दिया नुकसान
ट्रिपल-लीवरेज्ड शॉर्ट फंड में बाजार की चाल का असर तीन गुना तक हो सकता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी शेयर में 10% की गिरावट आती है तो फंड को करीब 30% का फायदा हो सकता है लेकिन शेयर 10% चढ़ जाए तो करीब 30% का नुकसान भी हो सकता है। वास्तविक रिटर्न रोजाना के रीबैलेंसिंग और बाजार की चाल पर निर्भर करता है।
इसी तरह 2x शॉर्ट ETF में निवेश करने वालों को भी भारी नुकसान हुआ। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कुछ ऐसे फंड करीब 62% तक टूट गए यानी 1 लाख रुपए का निवेश घटकर लगभग 38 हजार रुपये रह गया।
क्या होता है ETF और शॉर्ट फंड?
ETF यानी एक्सचेंज ट्रेडेड फंड ऐसा निवेश उत्पाद है, जो शेयर बाजार में स्टॉक की तरह खरीदा और बेचा जाता है। इसमें निवेशकों का पैसा किसी इंडेक्स, शेयरों या अन्य एसेट्स में लगाया जाता है।
वहीं, शॉर्ट ETF शेयरों की कीमत गिरने पर फायदा कमाने की रणनीति अपनाते हैं। लेवरेज के इस्तेमाल से मुनाफा और नुकसान दोनों बढ़ जाते हैं।
यह घटना निवेशकों के लिए एक बड़ी सीख है कि ज्यादा रिटर्न के लालच में लेवरेज वाले फंड में पैसा लगाने से भारी नुकसान हो सकता है। बाजार में अनुमान गलत साबित होने पर कुछ ही मिनटों में बड़ी रकम गंवाई जा सकती है।



