स्वास्थ्य

पिता को याद कर ईशा देओल बोली- धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी होने पर मुझे गर्व

डेस्क: अभिनेत्री ईशा देओल ने अपने दिवंगत पिता एवं जाने माने अभिनेता धर्मेंद्र की विरासत को सम्मान देने के लिए उनके निधन के एक साल बाद अपने नाम के बीच उनका नाम जोड़ लिया है। पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ‘प्रताप’ में उनका नाम ‘ईशा धर्मेंद्र देओल’ के रूप में दिखाई देता है। अपने पिता को याद कर भावुक हुईं ईशा ने कहा-, ”आप सभी यह नाम पहली बार देख रहे हैं लेकिन मेरा जन्म इसी नाम के साथ हुआ था। मुझे लगा कि यह उनकी विरासत है। आज मैं जो कुछ भी हूं, अपने माता-पिता की बदौलत हूं। अपने नाम में उनका नाम शामिल करना उन्हें हमेशा अपने करीब रखने का मेरा एक तरीका है।”

यह पूछे जाने पर कि क्या फिल्म जगत के इतने प्रतिष्ठित परिवार से होने के कारण उन्हें कभी दबाव महसूस हुआ, ईशा ने कहा कि वह धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी होने को अपना सौभाग्य मानती हैं। उन्होंने कहा- ”आप जानते हैं कि हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। मेरे लिए भी ऐसा ही है। मैं यही कहूंगी कि इतने खूबसूरत माता-पिता के घर जन्म लेना और उनकी बेटी होना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हूं कि मैं उनकी बेटी हूं। मैं इसे इसी नजरिए से देखती हूं।”

अभिनेत्री ने कहा कि अभिनय के लिए वह अलग-अलग तरह की भूमिकाएं चुनती हैं लेकिन व्यक्तिगत रूप से उन्हें हास्य फिल्में देखना बहुत पसंद है और इनमें उनके दिवंगत पिता की फिल्में भी शामिल हैं। हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित अभिनेताओं में शामिल धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का फिल्मी करियर छह दशक से अधिक लंबा रहा। उन्होंने ‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘फूल और पत्थर’, ‘चुपके चुपके’, ‘सत्यकाम’ और ‘ड्रीम गर्ल’ सहित 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *