डेस्क : आज 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में इस दिन का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु, मां लक्ष्मी और चंद्र देव की पूजा करने से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। इस दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है और शाम के समय दीपदान करने की परंपरा है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग में पड़ रही कार्तिक पूर्णिमा की शाम कुछ खास उपाय करना शुभ माना जाता है। अगर आप भी आर्थिक परेशानियों से छुटकारा और घर में सुख-समृद्धि चाहते हैं, तो शाम 5:25 बजे के बाद मां लक्ष्मी की पूजा के दौरान इन 5 उपायों में से कोई एक कर सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
कार्तिक पूर्णिमा का शुभ मुहूर्त
तारीख: 24 नवंबर 2026, मंगलवार
पूर्णिमा तिथि: रात 8 बजकर 23 मिनट तक
चंद्रोदय: शाम 5 बजकर 01 मिनट
प्रदोष काल में दीपदान: शाम 5 बजकर 25 मिनट के बाद
इस दिन सुबह स्नान करने के बाद भगवान सत्यनारायण, मां लक्ष्मी और चंद्र देव की पूजा की जाती है। साथ ही अपनी सामर्थ्य के अनुसार चावल, गुड़, दूध, खीर, सफेद वस्त्र और कंबल आदि का दान करना शुभ माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा पर धन प्राप्ति के 5 खास उपाय।
दक्षिणावर्ती शंख से करें भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का अभिषेक
कार्तिक पूर्णिमा की शाम एक लकड़ी की चौकी पर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें। इसके बाद दक्षिणावर्ती शंख में गंगाजल या स्वच्छ पवित्र जल भरकर दोनों का अभिषेक करें। फिर उन्हें फूल, अक्षत, धूप, दीप और फल अर्पित करें। पूजा के दौरान ‘ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्म्यै नमः’ मंत्र का एक माला जाप करें। धार्मिक मान्यता है कि भगवान विष्णु के साथ मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं।
मां लक्ष्मी को खीर या सफेद मिठाई का लगाएं भोग
मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए कार्तिक पूर्णिमा की शाम पूजा के समय गाय के दूध, चावल और शक्कर से बनी खीर का भोग लगाएं। अगर खीर बनाना संभव न हो, तो सफेद मिठाई या बताशे भी अर्पित कर सकते हैं। इसके बाद मां लक्ष्मी से घर में सुख, शांति, धन और वैभव बनाए रखने की प्रार्थना करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां लक्ष्मी को खीर का भोग लगाना शुभ माना जाता है।
मां लक्ष्मी को अर्पित करें पीली कौड़ियां और कमलगट्टा
कार्तिक पूर्णिमा की शाम मां लक्ष्मी की पूजा में 11 पीली कौड़ियां और कमलगट्टा अर्पित करें। इनके साथ कुछ सिक्के भी रख सकते हैं। अगर पीली कौड़ियां उपलब्ध न हों, तो सफेद कौड़ियों पर हल्दी लगाकर उन्हें पूजा में शामिल करें। पूजा पूरी होने के बाद इन्हें रातभर मां लक्ष्मी के चरणों में रहने दें। अगले दिन सुबह इन्हें लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दें। मान्यता है कि इससे घर में बरकत बनी रहती है और धन संबंधी परेशानियां दूर होती हैं।
कनकधारा स्तोत्र या श्री सूक्त का करें पाठ
कार्तिक पूर्णिमा की शाम मां लक्ष्मी की पूजा के दौरान कनकधारा स्तोत्र या श्री सूक्त का पाठ करना भी शुभ माना जाता है। इसके लिए पूजा स्थान पर स्वच्छ आसन बिछाकर मां लक्ष्मी के सामने बैठें और श्रद्धापूर्वक पाठ करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कनकधारा स्तोत्र का पाठ करने से सुख-समृद्धि की कामना की जाती है, जबकि श्री सूक्त का पाठ धन और वैभव की प्राप्ति के लिए विशेष माना जाता है।
घर के मुख्य द्वार और तुलसी के पास जलाएं घी के दीपक
कार्तिक पूर्णिमा की शाम घर के मुख्य द्वार पर आम या अशोक के पत्तों का तोरण लगाएं। इसके बाद दरवाजे पर हल्दी और सिंदूर से स्वास्तिक बनाएं। तुलसी के पौधे के पास शुद्ध देसी घी का दीपक जलाएं और श्रद्धापूर्वक 5 या 11 बार परिक्रमा करें। इसके अलावा पूजा स्थान पर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी के सामने भी घी के दीपक जलाएं। इस दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करें। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि बनी रहती है।
कार्तिक पूर्णिमा पर दान और दीपदान का भी है विशेष महत्व
कार्तिक पूर्णिमा के दिन पूजा-पाठ के साथ दान और दीपदान करना भी बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन जरूरतमंदों को अन्न, दूध, चावल, गुड़, गर्म कपड़े और कंबल दान कर सकते हैं। वहीं शाम को प्रदोष काल में भगवान शिव के निमित्त दीप जलाने की परंपरा है। इसके अलावा तुलसी के पास और घर के मुख्य द्वार पर दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है।



