डेस्क: फुलेरा गांव में एक बार फिर हलचल शुरू होने वाली है। प्राइम वीडियो ने अपनी चर्चित सीरीज **‘पंचायत’** के पांचवें सीजन का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस बार कहानी में सत्ता का समीकरण बदलता नजर आ रहा है। प्रधानजी के पास अब पहले जैसी कुर्सी नहीं है, वहीं सचिवजी के सामने निजी जिंदगी और गांव की राजनीति से जुड़ी नई चुनौतियां हैं। ट्रेलर में हंसी-मजाक के साथ रिश्तों की उलझनें और फुलेरा की सियासत भी देखने को मिलती है। सीरीज का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।
प्रधानजी के लिए आसान नहीं होगा कुर्सी से दूर रहना
नए सीजन में फुलेरा की राजनीति ने करवट ले ली है। ट्रेलर में प्रधानजी (रघुबीर यादव) को बदली हुई परिस्थितियों के बीच खुद को ढालने की कोशिश करते देखा जा सकता है। सत्ता की कुर्सी से दूर होने के बाद उनके लिए चीजें पहले जैसी नहीं रह गई हैं। दूसरी तरफ, सचिवजी (जितेंद्र कुमार) भी कई मोर्चों पर उलझे नजर आते हैं। उन्हें अपनी महत्वाकांक्षाओं, दोस्तों और पंचायत में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच रास्ता निकालना है।
सचिवजी और रिंकी की प्रेम कहानी में आएगा नया मोड़
फुलेरा की सियासत के अलावा इस बार सचिवजी और रिंकी (संविका) का रिश्ता भी कहानी का अहम हिस्सा होगा। ट्रेलर में दोनों की प्रेम कहानी में आने वाले एक अप्रत्याशित मोड़ की झलक दिखाई गई है। अब सवाल यह है कि क्या सचिवजी को रिंकी के साथ अपना रिश्ता आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा? वहीं, नए प्रधानपति के सामने भी खुद को गांव की जिम्मेदारी के काबिल साबित करने की चुनौती होगी।
पुराने चेहरों के साथ फिर सजेगी फुलेरा की महफिल
सीजन 5 में दर्शकों को एक बार फिर पसंदीदा कलाकारों की टोली देखने को मिलेगी। जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैज़ल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अपने-अपने किरदारों में नजर आएंगे। सीरीज में इस बार भी ग्रामीण जीवन की सादगी, स्थानीय राजनीति, आपसी रिश्तों और हल्के-फुल्के हास्य का मेल देखने को मिलेगा।
दीपक कुमार मिश्रा ने बताया क्या रही सबसे बड़ी चुनौती
सीरीज के सह-निर्माता, सह-रचनाकार और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने नए सीजन को लेकर कहा कि चार सीजन के दौरान ‘पंचायत’ को दर्शकों का खूब प्यार मिला है। उनके मुताबिक, हर नए सीजन में टीम की कोशिश फुलेरा की दुनिया को आगे बढ़ाने के साथ उसकी सादगी और असलियत बनाए रखने की रही है।
उन्होंने कहा कि कहानी में कुछ नया जोड़ना, लेकिन उसके मूल स्वभाव को बरकरार रखना सबसे बड़ी चुनौती थी। प्राइम वीडियो के साथ लंबे समय से चला आ रहा सहयोग भी इस सफर का अहम हिस्सा रहा है, जिसने टीम को रचनात्मक आजादी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फुलेरा की नई कहानी को भी पसंद करेंगे।
3 दिसंबर से देख सकेंगे नया सीजन
‘पंचायत 5’ का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसे दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने बनाया है, जबकि कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। इसका प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव तौर पर प्राइम वीडियो पर होगा।



