मनोरंजन

बिना हिजाब के गाना पड़ा भारी, ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारने की सजा

डेस्क: ईरान में महिलाओं के हिजाब और अभिव्यक्ति (Expression) की आजादी को लेकर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। बिना हिजाब (Expression) के गाना गाने के मामले में ईरानी गायिका परस्तू अहमदी (Parastu Ahmadi) और उनकी टीम के चार सदस्यों को 74-74 कोड़े मारे जाने की खबर सामने आई है। यह सजा 23 नवंबर को अमल में लाई गई। गायिका के वकील मुस्तफा नीली ने इसकी पुष्टि की है। इस घटना के बाद ईरान में महिलाओं के अधिकारों और धार्मिक प्रतिबंधों को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
मामला दिसंबर 2024 में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ा है। वीडियो में 29 वर्षीय परस्तू अहमदी बिना हिजाब के एक खाली मंच पर गाना गाती नजर आई थीं। उन्होंने लंबा स्ट्रैपी गाउन पहन रखा था और उनके सिर पर कोई कपड़ा नहीं था। पुराने कारवां सराय जैसे माहौल में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा था।
ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सिर ढकना अनिवार्य है। इसके अलावा सार्वजनिक रूप से महिलाओं के गायन पर भी कड़े प्रतिबंध हैं। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद परस्तू के खिलाफ सार्वजनिक शालीनता भंग करने और अश्लील सामग्री प्रसारित करने के आरोप लगाए गए थे।

कौन हैं परस्तू अहमदी?
परस्तू अहमदी 29 वर्षीय ईरानी गायिका हैं। वह पारंपरिक ईरानी संगीत को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती हैं। अपनी गायकी के जरिए उन्होंने देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उनके संगीत और प्रस्तुति को युवाओं के बीच भी पहचान मिली है।
दिसंबर 2024 में जारी उनके वीडियो को कई लोगों ने महिलाओं की अभिव्यक्ति की आजादी से जोड़कर देखा। वीडियो में बिना हिजाब के गायन को ईरान के कड़े सामाजिक और धार्मिक प्रतिबंधों के खिलाफ प्रतीकात्मक कदम के रूप में भी देखा गया।
ईरान के हिजाब कानून पर फिर बहस
ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सिर और गर्दन ढकना अनिवार्य है। इन नियमों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तारी, जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। सार्वजनिक रूप से महिलाओं के गायन पर भी कई तरह की पाबंदियां लागू हैं।
वर्ष 2022 में महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद ईरान में हिजाब कानून के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे। अमीनी को कथित तौर पर हिजाब संबंधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया गया था। उनकी मौत के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर बिना हिजाब के दिखाई देकर अनिवार्य हिजाब कानून का विरोध किया।
ईरानी सरकार इन प्रतिबंधों को धार्मिक और सामाजिक नियमों से जोड़ती है, जबकि आलोचक इन्हें महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और अधिकारों पर अंकुश मानते हैं। परस्तू अहमदी को मिली सजा ने एक बार फिर ईरान में महिलाओं की आजादी, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और सरकारी प्रतिबंधों से जुड़े सवालों को अंतरराष्ट्रीय चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *