डेस्क: दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने एक वेबसाइट को ‘हैक’ करने और करीब 4,000 अग्निवीरों से जुड़ा संवेदनशील डेटा ‘डार्क वेब’ पर 500 अमेरिकी डॉलर में बेचने की कोशिश करने के आरोप में हरियाणा के बल्लभगढ़ के रहने वाले 14 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जांचकर्ताओं के अनुसार, नाबालिग ने पंजीकरण कराने और दूसरे सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर तलाशने को लेकर पूर्व अग्निवीरों के लिए तैयार की गई एक परीक्षण वेबसाइट पर बिना अनुमति के पहुंच बनाई थी। अधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट तक पहुंच बनाने के बाद लड़के ने कथित तौर पर वहां से जानकारी निकाली और डार्क वेब पर एक विज्ञापन पोस्ट किया।
अधिकारियों के अनुसार लड़के ने दावा किया कि उसके पास करीब 4,000 अग्निवीरों का निजी डेटा है और वह इसे 500 अमेरिकी डॉलर में बेच सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पता चला है कि जानकारी हासिल करने के लिए कथित तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उपकरणों का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, वेबसाइट की सुरक्षा में सेंध लगाने के लिए अपनाए गए सटीक तरीके की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस की ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस’ (आईएफएसओ) इकाई ने नाबालिग के डिजिटल उपकरणों से डेटा बरामद किया है।
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता अब इस सामग्री की जांच कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि इसमें वास्तविक जानकारी है या नहीं और वेबसाइट से कितनी जानकारी चोरी हुई है। पुलिस ने अग्निवीरों का आधिकारिक डेटाबेस मांगने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भी लिखा है। इसका इस्तेमाल बरामद जानकारी से मिलान करने और उसकी वास्तविकता की पुष्टि करने के लिए किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग को कानून के अनुसार हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ के बाद उसे उसके परिवार को सौंप दिया गया।


