उत्तर प्रदेश

बच्चे को ”O” की जगह ”B” ग्रुप का खून चढ़ाने से हुआ ब्लड कैंसर, दो डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज

डेस्क: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पुलिस ने एक बच्चे को गलत रक्त समूह का खून चढ़ाने के आरोप में अदालत के आदेश पर दो चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकों पर आरोप है कि उन्होंने एक बच्चे को गलत रक्त समूह का खून चढ़ा दिया, जिसके बाद उसे ब्लड कैंसर हो गया।

कोतवाली पुलिस ने मंगलवार शाम ‘विवान चाइल्ड केयर’ के डॉ. विवेक सिंह और डॉ. संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। बच्चे के परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरा गांव की निवासी शकुंतला देवी की शिकायत के अनुसार, उनके पोते अभिनव की तबीयत बिगड़ने पर उसे 11 नवंबर 2024 को ‘विवान चाइल्ड केयर’ में भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान बच्चे को खून चढ़ाने की जरूरत पड़ी, जिसके लिए शारदा नारायण अस्पताल के ब्लड बैंक से खून की व्यवस्था की गई।
परिवार का आरोप है कि बच्चे का रक्त समूह ‘ओ’ था लेकिन उसे ‘बी’ समूह का खून चढ़ा दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई। शिकायत के अनुसार, 31 जनवरी 2025 को बच्चे की तबीयत फिर बिगड़ने पर उसे दोबारा ‘विवान चाइल्ड केयर’ में भर्ती कराया गया हालांकि, चिकित्सकों ने इलाज करने में असमर्थता जताई और तीन फरवरी को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
इसके बाद 20 फरवरी 2025 को परिजन बच्चे को लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ले गए, जहां जांच में उसे ‘बी-सेल एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया’ (एक प्रकार का रक्त कैंसर) होने की पुष्टि हुई। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने इलाज में लापरवाही की शिकायत जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से भी की थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर 2025 को दोनों चिकित्सक उनके घर आए और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनसे दुर्व्यवहार किया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, चिकित्सकों ने धमकी दी कि अगर उन्होंने अपनी शिकायत वापस नहीं ली, तो वे उन्हें ‘जिंदा दफना’ देंगे। परिवार ने बताया कि पुलिस की ओर से शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद शकुंतला देवी ने अदालत का रुख किया, जिसके बाद अदालत ने प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी नितेश सिंह ने बताया कि अदालत के निर्देश पर कोतवाली थाने में डॉ. विवेक सिंह और डॉ. संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया, “एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पोते को उचित इलाज नहीं दिया गया। नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।” सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *