राष्ट्रीय

बारिश-बर्फबारी से बढ़ेगी ठिठुरन, Jammu-Kashmir में 6-8 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, पढ़ें ताजा Update

डेस्क : जम्मू-कश्मीर में ठंड बढ़ने लगी है। धीरे-धीरे जम्मू और कश्मीर के कई जिलों में ठंड का कहर बढ़ता नजर आ रहा है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते कई रास्ते बंद हो गए हैं तो वहीं लोगों को ठंड भी महसूस होने लगी है।

श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए मौसम में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले ज्यादातर इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
विभाग ने 14 और 15 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है, जबकि 16 से 20 नवंबर के बीच पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है।
विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि 12 और 13 नवंबर को दिन के तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आ सकती है। साथ ही, कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
किसानों को अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह देते हुए, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी रास्तों और दर्रों पर यातायात बाधित हो सकता है। यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों और पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं और प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *