डेस्क: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक सक्रिय ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण अगले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और किन्नौर जैसे जिलों में बादल छाए हुए हैं और इन इलाकों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों, खासकर रोहतांग दर्रे, बारालाचा दर्रे और लाहौल-स्पीति तथा चंबा के अन्य ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की उम्मीद है।
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने कहा कि ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ अभी भी सक्रिय है और राज्य के कई हिस्सों में मौसम को प्रभावित कर रहा है। संदीप कुमार शर्मा ने कहा , पिछले 24 घंटों के दौरान, चंबा और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी देखी गई। ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ अभी भी सक्रिय है, और अगले 24 घंटों में चंबा और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर रोहतांग दर्रे और बारालाचा दर्रे के आसपास बर्फबारी होने की संभावना है।
शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पूरे हिमाचल प्रदेश में तापमान लगभग 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। ऊना में सबसे अधिक तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिमला में यह लगभग 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। धर्मशाला, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
उन्होंने कहा कि सुबह और देर रात के समय बादल छाए रहने के कारण, शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है। “लगातार बादल छाए रहने के कारण, आज दिन का तापमान सामान्य से लगभग 15 डिग्री नीचे रहने की उम्मीद है। हालांकि, 14 नवंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में सुधार होने की संभावना है; धूप खिलेगी और अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा।”
आईएमडी (IMD) के वैज्ञानिक ने बताया कि 14 और 15 नवंबर को पहाड़ी जिलों – खासकर कांगड़ा, चंबा, कुल्लू और मंडी – के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों और अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
उन्होंने आगे कहा कि 14 नवंबर के बाद मौसम की गतिविधियां काफी कम हो जाएंगी और 16 नवंबर से पूरे राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है। शर्मा ने बताया कि इस बीच, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि इन जिलों में बारिश होने की संभावना काफी कम है।


