डेस्क: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में Reel बनाने का जुनून किसान के लिए भारी मुसीबत और लाखों रुपये के नुकसान का सबब बन गया है. जिले के मरलक (मरडगांव) इलाके में बायपास के पास सड़क किनारे रील शूट करने पहुंचे कुछ युवक-युवतियों द्वारा पटाखे फोड़ने से खेत में भीषण आग लग गई. इस आग में किसान माणिकराव शिंदे और उनके परिवार की करीब 5 एकड़ में खड़ी गन्ने की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई. महीनों की मेहनत पल भर में खाक होने से पीड़ित किसान परिवार गहरे सदमे में है और प्रशासन से पंचनामा कर तत्काल मुआवजा देने की गुहार लगा रहा है.
मरलक (मरडगांव) निवासी किसान श्यामराव गानुजी शिंदे और जानूजी शिंदे ने बताया कि नांदेड़ शहर नजदीक होने और बायपास के पास खुला इलाका होने की वजह से अक्सर कुछ युवक-युवतियां यहां रील और फोटो शूट करने आते हैं. रील बनाने के दौरान इन लोगों ने गन्ने के खेत के पास पटाखे फोड़े, जिसकी चिंगारी से सूखे पत्तों में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 5 एकड़ (जिसमें श्यामराव व जानूजी शिंदे की 3 एकड़ जमीन भी शामिल है) में खड़ी गन्ने की फसल जलकर खाक हो गई.
किसान श्यामराव शिंदे ने बताया कि शाम करीब 8 बजे उनके पड़ोसी का फोन आया कि खेत में आग लग गई है. गांव से खेत करीब 3 किलोमीटर दूर होने के कारण जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक पूरी फसल जलकर राख हो चुकी थी. हालांकि, सूचना मिलने पर संबंधित लोगों ने मौके पर पहुंचकर पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने में मदद की.
किसान जानूजी शिंदे के अनुसार, अकेले उनकी फसल जलने से उन्हें करीब एक लाख रुपये का सीधा नुकसान हुआ है, जबकि कुल 5 एकड़ फसल जलने से पूरे किसान परिवार की कमर टूट गई है. किसानों का कहना है कि एक तरफ सूखे का संकट और पानी की भारी किल्लत है, तो दूसरी तरफ खाद, बीज और खेती की लागत लगातार बढ़ रही है. ऊपर से चीनी मिलों द्वारा गन्ने का कम भाव दिया जा रहा है. ऐसे में इस तरह का नुकसान झेलना असंभव है.
प्रभावित किसान माणिकराव शिंदे और श्यामराव शिंदे ने बताया कि मामले की शिकायत गांव स्तर पर दर्ज कराई गई है और प्रशासन की ओर से मदद का आश्वासन भी मिला है. किसानों ने सरकार से मांग की है कि जली हुई फसल का तत्काल पंचनामा कराकर उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए. साथ ही, पुलिस और प्रशासन सार्वजनिक सड़कों व खेतों के पास रील बनाने के नाम पर पटाखे फोड़ने और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे.


