बिहार

गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रक से टकराई, 2 महिलाओं समेत 3 की मौत

डेस्क: बिहार के कटिहार जिले में शुक्रवार सुबह गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क के किनारे खड़े बालू लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जाती है।

मृतकों की पहचान शंभु सिंह (66), ऊषा सिंह (64) और मंजू रानी साहा (65) के रूप में हुई है। तीनों कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, मनिहारी-कटिहार फोरलेन पर तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा एक ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था। इसी दौरान कटिहार की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में कटिहार की ओर से आ रही कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *