मनोरंजन

करीना कपूर के 200 साल पुराने शाही पेंडेंट पर विवाद, कांग्रेस नेता ने भेजा कानूनी नोटिस, तस्वीरें हटाने की मांग..

डेस्क: बॉलीवुड (Bollywood) अभिनेत्री करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) अपने दिवाली लुक को लेकर विवादों में घिर गई हैं। इस बार चर्चा उनके कपड़ों या किसी फिल्म को लेकर नहीं, बल्कि करीब 200 साल पुराने एक शाही पेंडेंट (Royal Pendant) को लेकर हो रही है। करीना ने दिवाली के अवसर पर 30 कैरेट पन्ने से बना एक खास पेंडेंट पहना था, जिस पर इस्लाम (Islam) की पवित्र आयत आयत-अल-कुर्सी उकेरी गई है। इस गहने को सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में दिखाए जाने के तरीके पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस नेता अब्बास हफीज (Abbas Hafeez) ने करीना और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है।
करीना ने दिवाली के मौके पर अपने पारंपरिक और शाही अंदाज की तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों में वह डिजाइनर पुनीत बलाना का तैयार किया हुआ बेज रंग का काफ्तान और उससे मेल खाती पगड़ी पहने नजर आई थीं। उनके इस पहनावे में सबसे अधिक ध्यान 30 कैरेट के पन्ने से बने पेंडेंट ने खींचा। इस पर कुरान की आयत-अल-कुर्सी खुदी हुई है। शुरुआत में उनके इस लुक की काफी चर्चा हुई, लेकिन बाद में धार्मिक भावनाओं और पवित्र आयत की गरिमा को लेकर सवाल उठने लगे।
इस पूरे लुक को करीना की करीबी दोस्त और सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तैयार किया था। रिया ने तस्वीरें साझा करते हुए बताया था कि अभिनेत्री ने लगभग 200 साल पुरानी शाही जूलरी पहनी है। इसमें भोपाल के नवाब की कलगी और भोपाल की बेगम से जुड़ा 30 कैरेट का पन्ना शामिल था। पेंडेंट पर आयत-अल-कुर्सी उकेरी गई है। रिया के मुताबिक, ये आभूषण भोपाल के शाही परिवार की विरासत हैं और सैफ अली खान के पारिवारिक इतिहास के माध्यम से करीना तक पहुंचे हैं।
11 नवंबर को अब्बास हफीज ने करीना कपूर और रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा। इसमें उन तस्वीरों, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्ति जताई गई है, जिनमें करीना इस पेंडेंट को पहने दिखाई दे रही हैं। नोटिस में दोनों से संबंधित तस्वीरें और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटाने की मांग की गई है। इसके अलावा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में इस तरह पवित्र आयत वाले आभूषण को प्रस्तुत नहीं करने का आश्वासन देने की बात भी कही गई है।
अब्बास हफीज ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि उन्हें करीना के पहनावे, उनकी व्यक्तिगत पसंद या आभूषण पहनने की स्वतंत्रता से कोई आपत्ति नहीं है। उनका विरोध उस तरीके को लेकर है, जिसमें कुरान की पवित्र आयत वाले पेंडेंट को तस्वीरों में प्रदर्शित किया गया। उनका कहना है कि आयत-अल-कुर्सी जैसी धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण आयत को सार्वजनिक रूप से दिखाते समय उसकी गरिमा और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।
नोटिस में इस्लामी विद्वानों की राय का भी उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि कुछ विद्वान कुरान की आयतों को आभूषण के रूप में पहनने को उचित नहीं मानते। उनके अनुसार, पवित्र लिखावट को ऐसी परिस्थितियों से बचाना चाहिए, जहां अनजाने में उसका अपमान होने की आशंका हो सकती है। हालांकि, इस विषय पर सभी विद्वानों की राय एक जैसी नहीं है और अलग-अलग मत भी मौजूद हैं।
इस पेंडेंट का संबंध भोपाल के शाही परिवार से बताया गया है। भोपाल के आखिरी शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी साजिदा सुल्तान, सैफ अली खान की दादी थीं। उनकी शादी इफ्तिखार अली खान पटौदी से हुई थी। उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी थे, जिन्हें टाइगर पटौदी के नाम से जाना जाता है। वह सैफ अली खान के पिता थे। इसी पारिवारिक विरासत के जरिए ये आभूषण आगे की पीढ़ियों तक पहुंचे।

अब्बास हफीज ने दावा किया है कि पेंडेंट को प्रदर्शित करने के तरीके से मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों और भोपाल के पुराने शाही परिवारों से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने भोपाल की बेगमों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का मुद्दा भी उठाया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नोटिस उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत हैसियत से भेजा है। फिलहाल करीना कपूर और रिया कपूर की ओर से इस विवाद या कानूनी नोटिस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *