डेस्क: भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने मंगलवार को मुंबई में आयोजित T20 मुंबई लीग के ‘सेलिब्रेटिंग द चैंपियंस’ कार्यक्रम में टीम से बाहर होने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उनके लिए यह दौर थोड़ा मुश्किल रहा। सूर्यकुमार ने स्वीकार किया कि इस सच्चाई से वह मुंह नहीं मोड़ना चाहते कि टीम से बाहर रहना उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण था।
‘टीम का हिस्सा नहीं होना मेरे लिए बहुत मुश्किल रहा’
सूर्यकुमार यादव ने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो टीम का हिस्सा नहीं होना मेरे लिए बहुत मुश्किल रहा है। लेकिन इसी दौरान मई में IPL के समय मैं एक बेटी का पिता बना। मेरा पूरा ध्यान उसकी तरफ चला गया। उसके जन्म के बाद के पिछले कुछ महीने बेहद खूबसूरत रहे हैं।’
पत्नी देविशा शेट्टी के साथ बातचीत ने बदला नजरिया
सूर्यकुमार ने बताया कि शुरुआती दो महीने उनके लिए काफी कठिन थे। इसके बाद उन्होंने अपने क्रिकेट करियर और भविष्य को लेकर पत्नी देविशा शेट्टी के साथ बातचीत की। उनकी पत्नी ने उन्हें सलाह दी कि उन्हें क्रिकेट के प्रति वही पुराना प्यार और जुनून वापस लाना चाहिए, जो 15 साल की उम्र में मुंबई के लिए खेलने का सपना देखते समय हुआ करता था।
’15 साल के बच्चे जैसा क्रिकेट के लिए जुनून वापस लाना था’
सूर्यकुमार ने कहा, ‘मैंने बैठकर इन सभी बातों पर सोचा और अपनी पत्नी से बातचीत शुरू की। उन्होंने भी यही कहा कि मुझे खेल के प्रति वही प्यार और जुनून वापस लाना होगा, जो 15 साल के उस बच्चे में था, जो मुंबई की अंडर-15 टीम का प्रतिनिधित्व करना चाहता था।’ उन्होंने बताया कि अब वह अपने शुरुआती क्रिकेट दिनों की तरह ही ट्रेनिंग और खेल पर ध्यान दे रहे हैं।
अब मुंबई के लिए मैच और चैंपियनशिप जीतना है लक्ष्य
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अब उनकी जिंदगी और सोच सामान्य हो गई है। वह एक बार फिर उसी जुनून के साथ अभ्यास कर रहे हैं और अपनी टीम तथा परिवार के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य पहले की तरह मुंबई के लिए मुकाबले जीतना और टीम को चैंपियन बनाना है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करेंगे सूर्यकुमार
भारतीय बल्लेबाज ने अपने लक्ष्य की दिशा में अगला कदम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी को बताया है। इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव मुंबई की कप्तानी करते नजर आएंगे। वह इस प्रतियोगिता के जरिए अपनी फॉर्म और लय हासिल करने के साथ युवा खिलाड़ियों के साथ खेलने को लेकर भी उत्साहित हैं।
सचिन तेंदुलकर से जुड़ी खास यादें कीं साझा
सूर्यकुमार ने मुंबई के ड्रेसिंग रूम में बिताए अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 2010-11 में जब उन्होंने पहली बार ड्रेसिंग रूम में कदम रखा था, तब सचिन तेंदुलकर, अमोल मजूमदार और अजीत अगरकर जैसे दिग्गज खिलाड़ी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि सचिन तेंदुलकर ने उन्हें ड्रेसिंग रूम में अपनी जगह भी दी थी, जहां वह बैठा करते थे। यह उनके लिए बेहद यादगार पल था।


