डेस्क: हॉकी इंडिया ने मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। मिडफील्डर सलीमा टेटे टीम की कप्तानी करेंगी। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद यह भारतीय महिला हॉकी टीम का पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। ऐसे में खिलाड़ियों के पास घरेलू मैदान पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखने का मौका होगा।
19 से 28 नवंबर तक भोपाल में होगा टूर्नामेंट
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में एशिया की छह टीमें हिस्सा लेंगी। भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
भारत तीन बार जीत चुका है एशियन चैंपियंस ट्रॉफी
भारतीय महिला हॉकी टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी। भारत ने अब तक 2016, 2023 और 2024 में इस खिताब को अपने नाम किया है। वहीं, दक्षिण कोरिया भी तीन बार चैंपियन बन चुका है। भारतीय टीम की नजरें इस बार लगातार तीसरा खिताब जीतने और अपने दबदबे को बरकरार रखने पर होंगी।
मलेशिया के खिलाफ अभियान शुरू करेगी भारतीय टीम
टूर्नामेंट के पहले दिन चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद उद्घाटन समारोह के बाद भारतीय टीम मलेशिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। इसके बाद भारत का सामना 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से होगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम
हॉकी इंडिया की ओर से घोषित भारतीय टीम में दो गोलकीपर, पांच डिफेंडर, सात मिडफील्डर और चार फॉरवर्ड शामिल हैं।
गोलकीपर: बंसरी सोलंकी, बिचु देवी खारिबाम।
डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू लाथंतलुआंगी, पूजा साहू।
मिडफील्डर: रुतुजा दादासो पिसल, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका।
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी, मुमताज खान।


