खेल

IPL में 12 टीमों की एंट्री पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी, सचिव देवजीत सैकिया ने बताया पूरा सच

डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दो नई टीमों की एंट्री और खिलाड़ियों के ऑक्शन बजट में बढ़ोतरी को लेकर चल रही चर्चाओं पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अब स्थिति साफ कर दी है। आईपीएल 2027 से पहले 10 टीमों की जगह 12 टीमों के खेलने और फ्रेंचाइजी के सैलरी पर्स को 125 करोड़ से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये करने की खबरें सामने आ रही थीं। हालांकि, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि फिलहाल बोर्ड का पूरा ध्यान आईपीएल 2027 पर है।

IPL में 12 टीमों को लेकर BCCI सचिव ने दिया बड़ा बयान
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने साफ किया कि बोर्ड में 12 टीमों के आईपीएल को लेकर न तो औपचारिक और न ही अनौपचारिक रूप से कोई चर्चा हुई है।
पीटीआई से बातचीत में सैकिया ने कहा, ‘हमने 2028 में आईपीएल को 12 टीमों का टूर्नामेंट बनाने की संभावना पर न तो औपचारिक रूप से और न ही अनौपचारिक रूप से कोई चर्चा की है। फिलहाल यह हमारे विचाराधीन नहीं है। हमारा पूरा ध्यान आईपीएल 2027 पर है, जो टूर्नामेंट का 20वां संस्करण होगा। यह एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। हम उसी की तैयारी कर रहे हैं और उससे आगे की किसी योजना पर विचार नहीं कर रहे हैं।’
12 टीमों को लेकर चल रही खबरों पर क्या बोले सैकिया?
आईपीएल में दो नई टीमों को शामिल करने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए BCCI सचिव ने मीडिया रिपोर्ट्स को महज अटकलें बताया। उन्होंने कहा, ‘मीडिया में जो भी खबरें चल रही हैं, मुझे लगता है कि ये कुछ लोगों की कल्पनाशील सोच से निकली हुई अटकलें हैं। इन खबरों पर मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी है। इन रिपोर्ट्स की कोई आधिकारिक पुष्टि या विश्वसनीयता नहीं है।’
IPL टीमों का सैलरी पर्स 125 से 150 करोड़ होगा?
12 टीमों के आईपीएल की चर्चा के साथ ही फ्रेंचाइजी के खिलाड़ियों पर खर्च करने की सीमा बढ़ाने की खबरें भी सामने आई थीं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि आगामी सीजन से टीमों का सैलरी पर्स 125 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपये किया जा सकता है। हालांकि, BCCI सचिव ने इस संभावना को भी खारिज कर दिया। उन्होंने साफ किया कि आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों के सैलरी पर्स में फिलहाल किसी तरह की बढ़ोतरी की योजना नहीं है।
सैकिया ने कहा, ‘सैलरी पर्स में बढ़ोतरी को लेकर ऐसी कोई बात नहीं है। मेगा ऑक्शन अगले साल होगा। इस बार मेगा ऑक्शन नहीं होगा। हमारा ऑक्शन 16 दिसंबर को होने जा रहा है, जो मौजूदा चक्र का आखिरी साल होगा। इसके बाद हम इस पर फैसला लेंगे।’
16 दिसंबर को होगा IPL 2027 का मिनी ऑक्शन
आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस ऑक्शन में सभी 10 फ्रेंचाइजी अपनी टीमों की जरूरत के हिसाब से खिलाड़ियों को खरीद सकेंगी। चूंकि यह मौजूदा तीन साल के चक्र का आखिरी सीजन है, इसलिए फिलहाल टीमों का सैलरी पर्स 125 करोड़ रुपये ही रहेगा। अगले मेगा ऑक्शन से पहले BCCI खिलाड़ियों के बजट और अन्य नियमों में बदलाव को लेकर फैसला ले सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *