अर्थ

HDFC Bank का ग्राहकों को दिवाली तोहफा! बढ़ाई FD पर ब्याज दरें, अब इतना मिलेगा रिटर्न

डेस्क: दिवाली से पहले फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करने वालों को देश के बड़े निजी बैंक ने तोहफा दिया है। अब FD में निवेश करने वालों को ज्यादा रिटर्न मिलेगा। एचडीएफसी बैंक ने अपनी कुछ एफडी योजनाओं पर ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 4 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। बैंक ने 3 करोड़ रुपए से कम की एफडी पर यह बदलाव किया है। खास बात यह है कि वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ग्राहकों की तुलना में अधिक ब्याज मिलेगा।

कम अवधि की FD पर बढ़ाया ब्याज
एचडीएफसी बैंक ने 61 दिन से लेकर 6 महीने तक की एफडी पर ब्याज दर 4.25 प्रतिशत से बढ़ाकर 4.75 प्रतिशत कर दी है। वहीं, 6 महीने 1 दिन से लेकर 9 महीने तक की एफडी पर ब्याज 15 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.65 प्रतिशत कर दिया गया है।
इसी तरह, 9 महीने 1 दिन से लेकर एक साल से कम अवधि की एफडी पर अब 5.90 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। एक साल से लेकर 15 महीने से कम की एफडी पर ब्याज दर 6.25 प्रतिशत और 15 महीने से लेकर 18 महीने से कम की एफडी पर 6.35 प्रतिशत तय की गई है।
लंबी अवधि की पर 6.60% ब्याज
बैंक ने 3 साल 1 दिन से लेकर 4 साल 7 महीने से कम अवधि की एफडी पर 6.60 प्रतिशत ब्याज निर्धारित किया है। इसी अवधि के आसपास 4 साल 7 महीने से लेकर 5 साल तक की एफडी पर भी 6.60 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
सीनियर सिटीजंस को 7.20% तक ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों के लिए एचडीएफसी बैंक ने एफडी पर आकर्षक ब्याज दरें रखी हैं। उन्हें 3 साल 1 दिन से लेकर 5 साल तक की चुनिंदा एफडी पर अधिकतम 7.20 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। इससे बुजुर्ग निवेशकों को अपनी बचत पर सामान्य ग्राहकों की तुलना में बेहतर रिटर्न मिल सकता है।
10 लाख रुपए की एफडी पर कितना मिलेगा रिटर्न?
अगर कोई सामान्य ग्राहक 10 लाख रुपए की एफडी 5 साल के लिए 6.60 प्रतिशत ब्याज दर पर करता है, तो मैच्योरिटी पर उसे करीब 13,87,227 रुपए मिलेंगे। इसमें लगभग 3,87,227 रुपए ब्याज के रूप में शामिल होंगे।
वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को 7.20 प्रतिशत ब्याज दर के हिसाब से 5 साल बाद करीब 14,28,748 रुपए मिल सकते हैं। इसमें 4,28,748 रुपए की ब्याज आय शामिल होगी। इस तरह समान निवेश पर वरिष्ठ नागरिकों को करीब 41,521 रुपए अधिक ब्याज मिल सकता है।
हालांकि, एफडी में निवेश करने से पहले ब्याज दर, मैच्योरिटी अवधि, टैक्स और समय से पहले पैसा निकालने पर लगने वाले जुर्माने की जानकारी जरूर लें। एफडी का रिटर्न बैंक की निर्धारित शर्तों और ब्याज भुगतान के विकल्प पर निर्भर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *